मिस्र स्वेज नहर इकोनॉमिक जोन में भारतीय इंडस्ट्री को जमीन आवंटन करने पर कर रहा विचार

India and Egypt: आर्थिक संबंधों पर बयान में कहा गया कि मिस्र स्वेज नहर आर्थिक जोन (SCEZ) में भारतीय उद्योगों को विशेष क्षेत्र आवंटित करने पर विचार कर रहा है। भारतीय पक्ष इसके लिए मास्टर प्लान तैयार कर सकता है। भूमध्यसागर को लाल सागर से जोड़ने वाली स्वेज नहर दुनिया के सबसे व्यस्त व्यापार मार्गों में से एक है। दुनिया के कुल व्यापार का करीब 12 प्रतिशत रोजाना इस नहर से गुजरता है

अपडेटेड Jan 27, 2023 पर 12:08 PM
Republic Day 2023: मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी इस साल गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि थे

भारत और मिस्र (India and Egypt) ने गुट निरपेक्ष आंदोलन के स्थापना सिद्धांतों, अंतरराष्ट्रीय कानून और सभी राष्ट्रों की संप्रभुता और सीमागत अखंडता के सम्मान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेने भारत आए मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी के बीच द्विपक्षीय वार्ता के दौरान परस्पर हित के द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा के एक दिन बाद गुरुवार को जारी संयुक्त बयान में यह बात कही गई।

आर्थिक संबंधों पर बयान में कहा गया कि मिस्र स्वेज नहर आर्थिक जोन (SCEZ) में भारतीय उद्योगों को विशेष क्षेत्र आवंटित करने पर विचार कर रहा है। भारतीय पक्ष इसके लिए मास्टर प्लान तैयार कर सकता है। भूमध्यसागर को लाल सागर से जोड़ने वाली स्वेज नहर दुनिया के सबसे व्यस्त व्यापार मार्गों में से एक है। दुनिया के कुल व्यापार का करीब 12 प्रतिशत रोजाना इस नहर से गुजरता है।

बयान के अनुसार, जिन कंपनियों के पास विदेशों में अपने व्यापार को फैलाने की पूंजी है, भारत अपनी वैसी कंपनियों का उपयोग मिस्र में उपलब्ध निवेश अवसरों के लिए करेगा। इसमें कहा गया है कि इस संदर्भ में मिस्र वाला पक्ष स्वेज नहर आर्थिक जोन में भारतीय उद्योगों को विशेष क्षेत्र आवंटित करने पर विचार कर रहा है और भारतीय पक्ष इसके लिए मास्टर प्लान तैयार कर सकता है।


ये भी पढ़ें- Republic Day 2023: पिछले गणतंत्र दिवस पर चीफ गेस्ट रह चुके देशों के साथ भारत के संबंध अब कैसे हैं? इन आंकड़ों से जानें डिटेल्स

बता दें कि भारत की तीन दिन की यात्रा पर मंगलवार को दिल्ली पहुंचे मिस्र के राष्ट्रपति अल-सीसी मुख्य अतिथि के रूप में गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल हुए। प्रधानमंत्री मोदी ने 74वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर कर्तव्य पथ पर आयोजित समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद सीसी का आभार प्रकट किया और कहा कि उनकी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ गई।

पीएम मोदी ने एक ट्वीट में कहा, ‘मैं राष्ट्रपति अब्दुल फतह अल सीसी का आभारी हूं कि उन्होंने अपनी गरिमामय उपस्थिति के साथ इस वर्ष के गणतंत्र दिवस समारोह की शोभा बढ़ाई।’ राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गुरुवार को गणतंत्र दिवस आयोजनों में देश का नेतृत्‍व किया।

इस साल की परेड में मुख्‍य अतिथि मिस्र के राष्‍ट्रपति अब्‍दुल फतह अल सीसी थे। उन्होंने आज राष्ट्रपति मुर्मू, प्रधानमंत्री मोदी और अनेक नेताओं के साथ कर्तव्यपथ पर रंगारंग गणतंत्र दिवस परेड देखी। इसके साथ ही वह दुनिया के उन चुनिंदा नेताओं में शामिल हो गए जिन्होंने भारत का गणतंत्र दिवस समारोह देखा है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।