Adipurush Controversy: प्रभास, कृति सेनन और सैफ अली खान स्टारर आदिपुरुष (Adipurush) को रिलीज के बाद से ही कई कारणों से भारी विरोध का सामना करना पड़ रहा है। इसी विवाद के बीच, इलाहाबाद हाई कोर्ट (Allahabad HC) की लखनऊ बेंच ने सेंसर बोर्ड और आदिपुरुष के निर्माताओं को कड़ी फटकार लगाई। ‘आदिपुरुष’ के विवादित डायलॉग को लेकर दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान कोर्ट ने पूछा, "सेंसर बोर्ड क्या करता रहता है? आप आने वाली पीढ़ियों को क्या सिखाना चाहते हैं?”
याचिका में कहा गया है कि ओम राउत की फिल्म में रावण और भगवान हनुमान के पात्र ‘भारतीय संस्कृति’ से पूरी तरह से अलग’ है। याचिका में फिल्म के डायलॉग पर आपत्ति जताई गई और उन्हें ‘हास्यास्पद’, ‘निम्न स्तर’ और ‘घटिया’ बताया गया।
पिछले हफ्ते, आदिपुरुष निर्माताओं ने प्रभास की फिल्म के लिए गुरुवार और शुक्रवार के शो के लिए टिकट की कीमतें घटाकर 150 रुपए करने का फैसला किया। उनका यह कदम फिल्म को लेकर लोगों के बीच बढ़ती नफरत को लेकर था। टिकल की कीमतें कम करने के बावजूद पिछले सोमवार और मंगलवार को आदिपुरुष के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में भारी गिरावट देखने को मिला।
मेकर्स ने फिल्म में विवादित लाइनें भी बदल दी हैं। इंटरनेट यूजर्स लंका दहन दृश्य से परेशान थे, जहां बजरंगबली के चरित्र को एक वाक्य बोलते हुए सुना जाता है, “तेल तेरे बाप का, आग भी तेरे बाप की, और जलेगी भी तेरे बाप की", जो कि मेघनाद के लिए था। हालांकि, अब नए प्रिंट में वाक्यों को बदल दिया गया है। 'बाप' शब्द को अब 'लंका' से बदल दिया गया है।
हालांकि, फिल्म में बदलाव करने के बावजूद, आदिपुरुष को सिनेमाघरों में खरीदार नहीं मिल पाए हैं। हर गुजरते दिन के साथ इसका बॉक्स ऑफिस कलेक्शन गिर रहा है। इंडस्ट्री ट्रैकर Sacnilk की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म को दूसरे सोमवार को 1.75 करोड़ रुपए के नेट कलेक्शन के साथ झटका लगा।