Adipurush: प्रभास की आने वाली फिल्म को लेकर नहीं थम रहा विवाद, अब MP के गृह मंत्री ने 'आपत्तिजनक दृश्यों' को हटाने के लिए कहा

Adipurush: मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने फिल्म निर्माता को फटकार लगाई और फिल्म में हिंदू धर्म के चित्रों पर आपत्ति जताई। उन्होंने यह भी कहा कि वह ओम राउत को पत्र लिखकर आपत्तिजनक दृश्यों को हटाने के लिए कह रहे हैं

अपडेटेड Oct 04, 2022 पर 1:36 PM
Story continues below Advertisement
MP के गृह मंत्री ने आदिपुरुष से 'आपत्तिजनक दृश्यों' को हटाने के लिए कहा

साउथ के सुपरस्टार प्रभास (Prabhas) की आने वाली आदिपुरुष (Adipurush) को लेकर विवाद अब बढ़ता ही जा रहा है। पहले बीजेपी प्रवक्ता मालविका अविनाश (Malavika Avinash) ने फिल्म में रामायण (Ramayan) की "गलत बयानी" के लिए डायरेक्टर ओम राउत को फटकार लगाई, तो अब मध्य प्रदेश के गृह मंत्री ने भी फिल्म के जरिए भावनाएं आहत होने की बात कही है।

मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने फिल्म निर्माता को फटकार लगाई और फिल्म में हिंदू धर्म के चित्रों पर आपत्ति जताई। उन्होंने यह भी कहा कि वह ओम राउत को पत्र लिखकर आपत्तिजनक दृश्यों को हटाने के लिए कह रहे हैं।

नरोत्तम मिश्रा ने कहा, "मैंने उसका (आदिपुरुष फिल्म का) ट्रैलर देखा है और उसमें आपत्तिजनक दृश्य हैं। हमारी आस्था के केंद्र बिंदुओं का जिस रूप में दिखाया गया है वह अच्छा नहीं है। हनुमान जी के अंगवस्त्र को चमड़े में दिखाए गए हैं, जो आस्था पर कुठाराघात है।"


राज्य के गृह मंत्री ने कहा, "मैं फिल्म निर्माता ओम राउत को आपत्तिजनक दृश्य हटाने के लिए पत्र लिख रहा हूं। अगर वे दृश्य नहीं हटाते हैं हम कानूनी कार्रवाई करेंगे।"

इससे पहले, ANI से बात करते हुए, BJP प्रवक्ता मालविका अविनाश ने कहा, "मुझे इस तथ्य से दुख हुआ है कि निर्देशक ने वाल्मीकि की रामायण, कम्बा रामायण या तुलसीदास की रामायण, या रामायण की कई व्याख्याओं पर शोध करना छोड़ दिया है, जो बोर्ड के रूप में उपलब्ध हैं।"

उन्होंने कहा, "थाईलैंड तक, जहां वे रामायण के सुंदर प्रदर्शन करते हैं। कम से कम वह हमारी अपनी फिल्मों पर शोध कर सकते थे। बहुत सारी कन्नड़ फिल्में, तेलुगु फिल्में, तमिल फिल्में हैं, जो दिखाती हैं कि रावण कैसा दिखता था।"

Adipurush में सैफ अली खान का लुक देख यूजर्स बोले- 'ये रावण है या खिलजी?', ट्विटर पर ट्रेंड हो रहा #DisappointingAdipurish

उन्होंने कहा, "वह सिर्फ 'भूकैलासा' में एनटी रामा राव या डॉ राजकुमार को या 'संपूर्ण रामायण' में एसवी रंगा राव को यह समझने के लिए देख सकते थे कि रावण कैसा दिखता था।"

प्रवक्ता ने कहा, "तस्वीर में रावण, जो मुझे तैरता हुआ दिखाई दे रहा है, वह एक ऐसा व्यक्ति है जो कुछ भी भारतीय नहीं है, जिसकी नीली आंखों का मेकअप है और उसने चमड़े की जैकेट पहनी हुई है। यह हमारा इतिहास है, जिसका वे प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। वे इसे रचनात्मक स्वतंत्रता की आड़ में नहीं कर सकते।"

मालविका ने कहा कि "रामायण वो है जो बताती है कि हम क्या थे। एक फिल्म डायरेक्टर को तो छोड़िए, इसे कोई भी हल्के में नहीं ले सकता है। मैं गुस्से में हूं और इस गलत बयानी से दुखी हूं।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।