Allu Arjun: अल्लू अर्जुन स्टारर फिल्म ‘पुष्पा 2: द रूल’ बॉक्स ऑफिस पर हर दिन नए-नए रिकॉर्ड बना रही है। पुष्पा 2 रिलीज होने के इतने दिनों बाद भी लोगों में फिल्म का काफी क्रेज देखने को मिल रहा है। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई कर रही है। यह फिल्म 5 दिसंबर को सिनेमाघरों में दस्तक दी थी, इससे पहले 4 दिसंबर को फिल्म का प्रीमियर हैदराबाद के संध्या थिएटर में रखा गया था, जहां फिल्म को देखने के भारी संख्या में लोग आए थे। फिल्म के प्रीमियम के दौरान देर रात को अचानक से अल्लू अर्जुन थिएटर में अपने फैन्स से मिलने पहुंच गए। एक्टर की एक झलक पाने के लिए लोग एक दूसरे को धक्का देकर बाहर निकलने लगे इसी दौरान वहां भगदड़ मच गया।
इस भगदड़ में 39 वर्षीय रेवती नामक महिला की मौत हो गई और उसका 8 साल का बच्चा घायल हो गया उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। पीड़ित परिवार के घर वालों ने एक्टर समेत कई लोगों के खिलाफ चिक्कड़पल्ली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। हाल ही में एक्टर ने अपने खिलाफ हुए FIR को रद्द करने के लिए बुधवार को तेलंगाना उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है।
अल्लू अर्जुन ने खटखटाया तेलंगाना हाईकोर्ट का दरवाजा
इंडिया टुडे के मुताबिक, साउथ के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन ने बुधवार को तेलंगाना हाईकोर्ट में एक याचिका दायर की है। इस याचिका में उन्होंने अपने ऊपर दर्ज एक एफआईआर को रद्द करने की मांग की है। अदालत जल्द ही इस पर सुनवाई कर सकती है। बता दें कि 'पुष्पा 2' के प्रीमियर के दौरान हुई भगड़द में एक महिला की मौत के बाद एक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। पीड़ित परिवार ने चिक्कड़पल्ली पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। बीएनएस एक्ट की धारा 105 और 118(1) के साथ 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। सेंट्रल जोन के डीसीपी अक्षांश यादव ने कहा, "शिकायत के अनुसार, थिएटर प्रबंधन, अभिनेता अल्लू अर्जुन और उनकी सुरक्षा टीम को आरोपी बनाया गया है। इस मामले की जांच की जा रही है।"
एक्टर ने सोशल मीडिया पर किया पोस्ट
इस भयानक हादसे के बाद एक्टर अल्लू अर्जुन ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए कहा,"संध्या थिएटर में हुई भगदड़ की दुखद घटना से दिल टूट गया है। इस कठिन समय में हमारी संवेदनाएं पीड़ित परिवार के साथ है। मैं उन्हें आश्वस्त करना चाहता हूं कि वे इस दर्द में अकेले नहीं हैं और मैं व्यक्तिगत रूप से परिवार से मिलूंगा। मैं इस चुनौतीपूर्ण समय से गुजरने में उनकी मदद करने के लिए हर संभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध हूं।" एक्टर ने परिवार के लोगों को 25 लाख रुपये देने का भी एलान किया है।
पुष्पा 2 का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन
सुकुमार के डायरेक्शन में बनी पुष्पा 2 में अल्लू अर्जुन और रश्मिका मंदाना मुख्त भूमिका में है। फिल्म ने दूनियाभर में 1000 करोड़ तक की कमाई कर ली है। भारत में इसकी कमाई की बात करें तो यह फिल्म देश में मात्र 7 दिनों में ही 687 करोड़ की कमाई की है।