सोशल मीडिया की दुनिया में बिजनेस टाइकून आनंद महिंद्रा (Anand Mahindra) के ट्वीट लोग बड़े ही गौर से देखते हैं। ट्विटर पर उनका हर ट्वीट खबर बन जाता है। इस बीच, महिंद्रा ने एक हालिया ट्वीट में बताया है कि उन्हें बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन (Ajay Devgn) से डर लगता है। जी हां, इतना ही नहीं यहां तक कि देश के मशहूर उद्योगपति शहर छोड़कर भागने की भी बात कर रहे हैं।
दरअसल, अजय देवगन महिंद्रा बस एंड ट्रक (Mahindra Truck And Bus) की एक ऐड फिल्म की शूटिंग कर रहे हैं। इस वीडियो में अजय देवगन गुस्से में नजर आ रहे हैं। लगता है कि वो विज्ञापन का बार-बार स्क्रिप्ट बदलने से नाराज हैं। महिंद्रा के विज्ञापन की शूटिंग के दौरान वे प्रोडक्शन टीम को कह रहे हैं, "बार-बार स्क्रिप्ट क्यों बदल रहे हो?"
आनंद महिंद्रा ने इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा कि मुझे बताया गया है कि महिंद्रा ट्रक एंड बस की फिल्म शूटिंग में अजय देवगन को गुस्सा आ गया। इससे पहले कि वह हमारा कोई ट्रक लेकर आएं, बेहतर है कि मैं शहर छोड़ दूं...। इस ट्वीट के बाद यूजर्स मजेदार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
बता दें कि अजय देवगन ने अपने फिल्मी करियर में कई खतरनाक स्टंट किए हैं, लेकिन फिल्म 'फूल और कांटे' में दो बाइक वाले स्टंट ने उन्हें स्टारडम में ला दिया। देवगन ने अपनी अन्य फिल्मों- गोलमाल सीरीज और सन ऑफ सरदार में भी उस दृश्य को फिर से दोहराया था।
हालांकि, इस बार अभिनेता ने अपनी आगामी परियोजना के लिए अपने क्लासिक बाइक वाले स्टंड को संशोधित किया है। देवगन ने अपने प्रसिद्ध क्लासिक बाइक वाले स्टंड को 30 साल पहले फिल्म फूल और कांटे में किया था। इस बार देवगन ने बाइक्स पर नहीं, बल्कि महिंद्रा ट्रक्स पर स्प्लिट परफॉर्म किया है।