जरूरतमंदों के मददगार बने बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद (Sonu Sood) की बदौलत जन्म से ही 4 पैर और 4 हाथ वाली ढाई साल की बिहार की असामान्य बच्ची अब सामान्य जीवन जी सकेगी। सोनू सूद के प्रयासों के बाद चहुंमुखी कुमारी नाम की मासूम बच्ची की सूरत के एक अस्पताल में सफल सर्जरी की गई है। उन्होंने ट्वीट कर बताया कि चहुंमुखी का ऑपरेशन देश के सबसे मुश्किल ऑपरेशनों में से एक था।
अभिनेता और परोपकारी सोनू सूद ने गुरुवार को ट्वीट कर कहा कि चार हाथ और चार पैरों वाली बच्ची के अतिरिक्त अंगों को हटाने के लिए एक सफल सर्जरी की गई है। चहुंमुखी का जन्म 2019 में बिहार के एक छोटे से गांव में हुआ था।
वारिसलीगंज के हेमदा गांव की रहने वाली ढाई साल की चहुंमुखी जन्म से ही दिव्यांग थी। सोनू सूद ने बच्ची का ऑपरेशन कराया तो उस मासूम चहुमुखी की जिंदगी भी बदल गई है। बच्ची के माता-पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
पिछले महीने बच्ची का एक वीडियो वायरल होने के बाद सोनू सूद ने उसकी मदद के लिए कदम बढ़ाया। अभिनेता ने चहुंमुखी को इलाज के लिए सूरत भेजा, जहां बुधवार को उसकी 7 घंटे की सफल सर्जरी हुई। अब वह अपने माता-पिता के साथ कुछ दिनों बाद घर वापस आ जाएगी।
चहुंमुखी का इलाज 28 मई को सोनू सूद की मदद से शुरू हुआ था। उन्होंने मासूम बच्ची की जांच करने वाले डॉक्टरों की एक तस्वीर शेयर करते हुए घोषणा की थी कि उसका इलाज शुरू हो गया है। टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, सूद ने न केवल इलाज का खर्चा उठाया, बल्कि चहुंमुखी की शिक्षा का खर्च भी उठाने का वादा किया है।
फिलहाल, बच्ची को कुछ दिनों के लिए और अस्पताल में रहना होगा। इसके बाद वह आम बच्ची की तरह रह सकेगी। सोनू सूद ने चहुंमुखी की सर्जरी पर आने वाला पूरा खर्च खुद वहन किया है। उनके इस मानवीय कार्य की चारों तरफ तारीफ हो रही है। ग्रामीणों ने अभिनेता को गरीबों का मसीहा बताया है।