Coldplay: क्रिस मार्टिन ने अपने बैंड कोल्डप्ले के साथ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शानदार परफॉर्मेंस दी। क्रिस मार्टिन ने रविवार शाम अहमदाबाद में अपने शो के दौरान सबको हैरान कर दिया। जब उन्होंने गणतंत्र दिवस के मौके पर 'वंदे मातरम' और 'मां तुझे सलाम' गाया, इस शो को डिस्नी+ हॉटस्टार ने लाइव स्ट्रीम किया था।
इस दौरान पूरा स्टेडियम तालियों की गूंज से भर गया। सिंगर का यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इसके साथ ही क्रिस मार्टिन ने भारतीय स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की भी काफी तारीफ की।
बुमराह के लिए क्रिस मार्टिन ने गाया गाना
अहमदाबाद में हुए शो में क्रिस मार्टिन ने भारतीय स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की काफी तारीफ की और उनके लिए एक गाना भी गाया। इस गाने को सुनने के लिए बुमराह वहां शो में मौजूद थे। सिंगर क्रिस मार्टिन ने जसप्रीत बुमराह को दुनिया का सबसे बेहतरीन गेंदबाज बताते हुए कुछ खास लाइनें गाईं। क्रिस मार्टिन ने, “जसप्रीत, मेरे प्यारे भाई। क्रिकेट के पूरे दुनिया में सबसे बेहतरीन गेंदबाज, हमें मजा नहीं आता, तुम्हें इंग्लैंड के खिलाफ विकेट पर विकेट गिराते हुए देखना।”
क्रिस मार्टिन ने दर्शकों को दिया धन्यवाद
शो के दौरान क्रिस मार्टिन ने सभी को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं भी दीं और कहा, "नमस्ते सभी को, मैं आपको देख रहा हूं और आप सभी बहुत सुंदर लग रहे हैं। मैं ऊपर उस स्टैंड में भी आपको देख रहा हूं। यहां आने के लिए धन्यवाद। गणतंत्र दिवस पर भारतीय झंडा लहराना, यह बहुत अच्छा है। इस शो में आने के लिए आप सभी का धन्यवाद। मुझे पता है कि यहां आना मुश्किल है, ट्रैफिक, होटलों और टिकट की लाइनों जैसी मुश्किलों से गुजरना पड़ा होगा। हमारे लिए इस शानदार दिन को बनाने के लिए धन्यवाद। हमें आपके खूबसूरत देश में स्वागत करने के लिए धन्यवाद और हमें भारत के लिए गाने का मौका देने के लिए धन्यवाद।"
क्रिस मार्टिन का यह वीडियो सोशल मीडिया पर आने के बाद से ही फैंस इस पर कई तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, "कोल्डप्ले आप सच्चे प्यार हैं!"। दूसरे यूजर्स ने कहा, "यह तो बिलकुल अनएक्सपेक्टेड था!" कोल्डप्ले अपनी "Music of the Spheres World Tour" के तहत भारत में थे। इस ब्रिटिश बैंड ने अहमदाबाद में दो शो किए, जबकि मुंबई में तीन शो किए। अहमदाबाद में उन्होंने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में परफॉर्म किया। वहीं मुंबई में नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में उन्होंने अपने परफॉर्मेंस से धमाल मचाया था।