Delhi Fire: सेलेक्ट सिटी मॉल के सिनेमा हॉल में फिल्म 'छावा' देख रहे थे दर्शक, लगी आग, मचा हड़कंप

Delhi Fire: दिल्ली के साकेत में स्थित सिलेक्ट सिटी मॉल में छावा की स्क्रीनिंग चल रही थी। इस दौरान अचानक आग लग गई। इससे फिल्म देख रहे लोगों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। हालांकि फौरन फायर बिग्रेड टीम पहुंच गई और आग पर काबू पा लिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है

अपडेटेड Feb 27, 2025 पर 10:53 AM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Delhi Fire: आग लगने के बाद किसी के हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है।

विक्की कौशल, रश्मिका मंदाना और अक्षय खन्ना की फिल्म ‘छावा’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है। इसे पूरे देश में खूब पसंद किया जा रहा है। इस बीच बुधवार को दिल्ली के साकेत स्थित सिलेक्ट सिटी मॉल में इस फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान बड़ा हादसा होते-होते बचा। शाम 5:44 बजे पीवीआर के ऑडी-3 में फिल्म चल रही थी। तभी अचानक आग लग गई। इसके बाद पूरे सिनेमा हाल में हड़कंप मच गया। फौरन दिल्ली की फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई और ग पर काबू पा लिया। इस घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है।

दिल्ली फायर सर्विस ने कहा कि साकेत के सेलेक्ट सिटीवॉक मॉल में स्थित एक सिनेमा हॉल की ऑडी 3 की स्क्रीन में मामूली आग लग गई। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। 6 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पा लिया गया।

सुरक्षित बाहर निकल आए लोग


सिनेमाघर में मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जिससे बड़ा हादसा टल गया। इस दौरान लोगों में दहशत और भगदड़ का माहौल बन गया था। स्थिति पर जल्द ही काबू पा लिया गया। फिलहाल, आग लगने की असली वजह का पता नहीं चल पाया है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय सिनेमाघर में ज्यादा भीड़ नहीं थी। जिससे नुकसान होने से बच गया। दर्शकों के मुताबिक, फिल्म देखते वक्त अचानक पर्दे पर आग लग गई थी। इसके बाद लोग डरकर भागने लगे। सिनेमाघर में कई एग्जिट गेट होने की वजह से सभी दर्शक सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे। प्रशासन मामले की जांच-पड़ताल में जुट गया है।

फिल्म छावा दोबारा दिखाई गई

फिलहाल, मॉल में हालात सामान्य हो गए हैं सिनेमाघर दोबारा शुरू कर दिया गया है। बता दें, 'छावा' पहले दिन से बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कमाई करने में जुटी हुई है। फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 400 करोड़ के बेहद करीब पहुंच चुकी है। वहीं इसने वर्ल्डवाइड 400 करोड़ का आंकड़ा का पार कर आगे बढ़ चुकी है।

Pune Bus Rape Case: 'दीदी' कहकर बस में महिला बुलाया, फिर की हैवानियत, आरोपी रामदास गाडे निकला हिस्ट्रीशीटर, जानें पूरी डिटेल

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।