सिंगर-रैपर हनी सिंह इन दिनों अपनी डॉक्यूमेंट्री ‘यो यो हनी सिंह: फेमस’ से चर्चा में हैं। मोजेज सिंह द्वारा निर्देशित और गुनित मोंगा द्वारा निर्मित इस डॉक्यूमेंट्री में हनी सिंह ने अपनी निजी और व्यावसायिक जीवन के कई अनछुए पहलुओं का खुलासा किया है। वहीं हनी सिंह ने इस डॉक्यूमेंट्री में शाहरुख खान के साथ हुए विवाद पर खुलकर बात की है। बता दें कि बॉलीवुड में एक समय ऐसी अफवाहें फैल गई थीं कि शाहरुख खान ने अपने यूएस टूर के दौरान हनी सिंह की पिटाई की थी। यह खबर अचानक सुर्खियों में आ गई और दोनों के बीच विवाद की चर्चा होने लगी।
अफवाहों के मुताबिक, शाहरुख खान और हनी सिंह के बीच कुछ व्यक्तिगत मतभेद थे, और इसी कारण यह घटना हुई। हालांकि, इस खबर को लेकर दोनों ही सितारों ने कभी कोई सार्वजनिक बयान नहीं दिया। वहीं अब अपने डॉक्यूमेंट्री में हनी सिंह ने इस घटना के बारे में बात की है।
क्या शाहरुख खान ने हनी सिंह को मारी थप्पड़?
ऐसी अफवाहें थी कि शाहरुख खान ने यूएस टूर के दौरान हनी सिंह की पिटाई की थी, जिसके कारण उनके सिर पर टांके आए थे। हालांकि, डॉक्यूमेंट्री में हनी सिंह ने इन अफवाहों का खंडन करते हुए सच्चाई सामने रखी। उन्होंने बताया, "अब, नौ साल बाद, मैं सही वाकया बताना चाहता हूं। उस समय एक अफवाह थी कि शाहरुख खान ने मुझे थप्पड़ मारा, जो कि पूरी तरह गलत है।" हनी सिंह ने कहा कि वास्तव में शाहरुख उन्हें प्यार करते हैं और वे कभी ऐसा नहीं करेंगे।
उन्होंने बताया कि शिकागो के एक शो के दौरान वे परफॉर्म करने के लिए तैयार नहीं थे और उन्होंने अपनी टीम को इससे अवगत कराया। उन्होंने कहा, "मुझे लगा कि मैं शो के दौरान मर जाऊंगा। इसलिए मैंने परफॉर्म करने से मना कर दिया और खुद को चोट पहुंचाने की कोशिश की।"
हनी सिंह की बहन भी हुईं इमोशनल
इस घटना को याद करते हुए उनकी बहन भी डॉक्यूमेंट्री में इमोशनल हो गईं। उन्होंने बताया कि हनी सिंह ने उन्हें मैसेज किया था कि उनके साथ कुछ ठीक नहीं हो रहा और मदद की गुहार लगाई थी। बता दें कि ‘यो यो हनी सिंह: फेमस’ डॉक्यूमेंट्री सीरीज नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है और इसमें हनी सिंह की लाइफ के पहले कभी न देखे गए पहलुओं को दिखाया गया है।