सैफ मामले में कैसे 'पराठा' बना जांच में अहम सुराग? आरोपी तक कुछ यूं पहुंची पुलिस, पढ़ें- गिरफ्तारी की इनसाइड स्टोरी

Saif Ali Khan attack case: मुंबई की एक अदालत ने सैफ अली खान पर हमला मामले में गिरफ्तार एक व्यक्ति को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। कोर्ट ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय साजिश से संबंधित अभियोजन पक्ष की दलील को खारिज नहीं किया जा सकता है। आरोपी चोरी के इरादे से बॉलीवुड स्टार के फ्लैट में घुसा था

अपडेटेड Jan 20, 2025 पर 11:43 AM
Story continues below Advertisement
Saif Ali Khan attack case: अभिनेता सैफ अली खान पर उनके ही घर में हमला करने वाले 30 वर्षीय बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया गया है

Saif Ali Khan attack case: बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर 16 जनवरी को हुए हमले के मामले में गिरफ्तार किया गया आरोपी घटना वाले दिन सुबह सात बजे तक बांद्रा में ही था। वहां एक बस स्टॉप पर सोया था। मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद को ठाणे शहर से गिरफ्तार किया गया था। आरोपी एक बांग्लादेशी नागरिक है जिसने अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने के बाद अपना नाम बदलकर बिजॉय दास रख लिया था। पुलिस ने कहा कि वह 16 जनवरी को तड़के चोरी के इरादे से बांद्रा में 'सतगुरु शरण' बिल्डिंग में स्थित बॉलीवुड स्टार के फ्लैट में घुसा था।

एक अधिकारी ने कहा, "वह घटना के बाद 16 जनवरी की सुबह सात बजे तक बांद्रा पश्चिम में पटवर्धन गार्डन के पास एक बस स्टॉप पर सोया हुआ था। बाद में वह ट्रेन में सवार हुआ और वर्ली (मध्य मुंबई) पहुंचा।" अधिकारी ने कहा, "हमारी जांच में पाया गया है कि वह सातवीं-आठवीं मंजिल तक सीढ़ियां चढ़कर गया। फिर डक्ट क्षेत्र में प्रवेश किया और वहां लगी पाइप के सहारे 12वीं मंजिल पर पहुंचा और बाथरूम की खिड़की के माध्यम से अभिनेता के फ्लैट में घुस गया। फिर वह बाथरूम से बाहर आया, जहां उसे अभिनेता के स्टाफ ने देखा लिया। इसके बाद घटनाक्रम शुरू हुआ जिसकी परिणति हमले के रूप में हुई।"

कैसे हुई गिरफ्तारी?


पुलिस ने बताया कि वरली में सेंचुरी मिल के पास एक स्टॉल पर पराठा और पानी की बोतल के लिए Google Pay के माध्यम से किए गए यूपीआई पेमेंट ने उन्हें महत्वपूर्ण सुराग दिया। इससे मुंबई पुलिस को शनिवार देर रात मोहम्मद शरीफुल इस्लाम को ट्रैक करने में मदद मिली। जांच से परिचित सूत्रों ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि पुलिस ने बांद्रा रेलवे स्टेशन से सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा करने के बाद संदिग्ध पर ध्यान केंद्रित करना शुरू कर दिया, जो उन्हें दादर स्टेशन के बाहर एक दुकान तक ले गया। वहां उसने एक मोबाइल कवर खरीदा था। लेकिन उसने यहां कैश भुगतान किया। इसके बाद, वह कबूतरखाना और फिर वर्ली चला गया। गूगल पे पेमेंट के सहारे पुलिस आरोपी तक पहुंची।

इंडियन एक्सप्रेस ने बताया कि आरोपी शरीफुल इस्लाम शहजाद ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। जांच में शामिल एक पुलिस अधिकारी के हवाले से पोर्टल ने बताया कि शहजाद ने कथित तौर पर चाकू घोंपने की बात स्वीकार करते हुए कहा, "हां मैंने ही किया"। पुलिस ने बताया कि शहजाद मूल रूप से दक्षिणी बांग्लादेश के झालोकाथी जिले का रहने वाला है, जिसे झलकाथी के नाम से भी जाना जाता है। वह पिछले पांच महीनों से मुंबई और आसपास के इलाकों में रह रहा है और हाउसकीपिंग एजेंसी सहित कई तरह के छोटे-मोटे काम कर रहा है।

एक करोड़ की मांग

अधिकारी ने कहा कि आरोपी ने घर की एक घरेलू सहायिका (आया) के साथ बहस करना शुरू कर दिया और एक करोड़ रुपये की मांग की। उन्होंने कहा कि हंगामा सुनकर सैफ अली खान वहां पहुंचे और उन्होंने उसे सामने से पकड़ लिया। अधिकारी ने बताया कि इन चीजों से पुलिस को संदेह होता है कि उसका आपराधिक इतिहास हो सकता है। अधिकारी ने कहा कि टेलीविजन पर प्रसारित खबरों और सोशल मीडिया पर घटना से जुड़ी पोस्ट देखने के बाद ही आरोपी को पता चला कि उसने एक बॉलीवुड अभिनेता पर हमला किया है।

ये भी पढ़ें- IIT बाबा अभय सिंह को जूना अखाड़े ने क्यों किया निष्कासित? जानें- महाकुंभ से बाहर निकाले जाने के पीछे की पूरी कहानी

अधिकारी ने कहा, "आरोपी पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 311 (गंभीर चोट पहुंचाने या हत्या के इरादे से चोरी या डकैती), 331 (4) (घर में तोड़फोड़) और अन्य अपराधों के साथ-साथ पासपोर्ट अधिनियम के प्रावधानों के तहत आरोप लगाया गया है।" अधिकारी ने कहा कि इस बात की विस्तृत जांच शुरू हो गई है कि वह अवैध रूप से देश में कैसे दाखिल हुआ। उसके पास किस तरह के दस्तावेज हैं और उसने उन्हें कैसे हासिल किया।

बांद्रा की अदालत में पेश किए जाने के बाद आरोपी को 24 जनवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। अदालत ने कहा कि इस मामले में पुलिस की अंतरराष्ट्रीय साजिश की दलील को खारिज नहीं किया जा सकता। पुलिस ने अदालत को बताया कि कथित हमलावर बांग्लादेशी नागरिक था। वारदात के पीछे के मकसद का पता लगाने की जरूरत है। पुलिस ने अदालत से यह भी कहा कि उसे यह पता लगाने की जरूरत है कि इस मामले का संबंध किसी अंतरराष्ट्रीय साजिश से तो नहीं है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।