शाहरुख खान (Shahrukh Khan) की 'जवान' (Jawan) 7 सितंबर को रिलीज होने के बाद से बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बना रही है। ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श के मुताबिक 'जवान' भारत में सबसे तेजी से 300 करोड़ रुपयों के क्लब में शामिल होने वाली हिंदी फिल्म बन गई है। इसके अलावा इस फिल्म ने वर्ल्डवाइड 500 करोड़ रुपये के आकंड़े को भी पार कर लिया है। दुनिया भर में इस फिल्म ने अभी तक 574 करोड़ रुपयों की कमाई कर डाली है।
Jawan ने तोड़े कमाई के कई रिकॉर्ड्स
अपनी ओपनिंग के साथ ही शाहरुख खान की 'जवान' ने बॉक्स ऑफिस पर कई सारे रिकॉर्ड्स को ढेर कर दिया है। बॉक्स ऑफिस कमाई पर नजर रखने वाली वेबसाइट Sacnilk.com की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 'जवान' ने पांच दिनों में भारत की सभी भाषाओं में कुल 319.08 करोड़ रुपयों की कमाई कर डाली है। वहीं ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श मे मंगलवार को एक्स पर एक ट्वीट करते हुए लिखा कि 'जवान' 300 करोड़ की कमाई में सबसे तेज। इसके अलावा तरण आदर्श ने उन फिल्मों का जिक्र भी किया जो अभी तक 300 करोड़ रुपये कमा चुकी हैं। 'जवान' से पहले सबसे तेज 300 करोड़ रुपये कमाने का रिकॉर्ड शाहरुख खान की ही फिल्म 'पठान' के नाम पर था। 'पठान' ने सात दिनों में इस आंकड़े को पार किया था। वहीं 'गदर' 2 को आठ दिनों का वक्त लगा था।
'जवान' ने ओपनिंग पर ही कर दिया था धमाका
'जवान' 7 सितंबर को गुरुवार के दिन सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। अपनी ओपनिंग पर ही फिल्म ने कुल 74 करोड़ रुपये कमा डाले थे। इसमें से लगभग 64 करोड़ रुपये फिल्म के हिंदी वर्जन से तो 5 करोड़ रुपये तमिल और 5 करोड़ रुपये तेलगू वर्जन से आए थे। वहीं सोमवार को 'जवान' ने कुल 32 करोड़ रुपयों का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन किया है। 'जवान' में शाहरुख खान के साथ दीपिका पादुकोण, नयनतारा, विजय सेतुपति, प्रियमणि, सान्या मल्होत्रा और सुनील ग्रोवर जैसे कलाकार स्क्रीन शेयर करते हुए नजर आ रहे हैं।