बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह (Ranveer Singh) की अपकमिंग फिल्म जयेशभाई जोरदार (Jayeshbhai Jordaar) का ट्रेलर रिलीज हो गया है। रणवीर सिंह और शालिनी पांडे स्टारर फिल्म जयेशभाई जोरदार का ट्रेलर काफी मजेदार है। इस फिल्म में रणवीर सिंह अपनी धाकड़ छवि से कुछ अलग नजर आ रहे हैं। फिल्म में कॉमेडी से साथ-साथ सोशल मैसेज भी दिया गया है।
फिल्म 13 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है। फिल्म की कहानी में लड़का और लड़की के बीच के भेदभाव को विस्तार से दिखाया गया है। जयेशभाई जोरदार में रणवीर सिंह और शालिनी पांडे के अलावा बोमन ईरानी और रत्ना पाठक जैसे दिग्गज कलाकार भी हैं। 2 मिनट 57 सेकेंड के इस ट्रेलर को रणवीर सिंह ने शेयर किया है।
फिल्म के डायरेक्टर दिव्यांग ठक्कर हैं। बतौर डायरेक्टर ठक्कर की ये पहली डेब्यू फिल्म है। फिल्म को आदित्य चोपड़ा, मनीष शर्मा ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म में रणवीर सिंह एक गुजराती शख्स बने हैं जो समाज में महिलाओं और पुरुषों को समान हक दिए जाने में यकीन रखता है।
Jayeshbhai Jordaar फिल्म भ्रूण हत्या और जेंडर इक्वालिटी जैसे सोशल विषय पर बनी है। फिल्म में गांव के सरपंच (बोमन ईरानी) के इकलौते बेटे (रणवीर सिंह) की एक बेटी है। हालांकि, परिवार को एक बेटा चाहिए जो उनकी पीढ़ी को आगे बढ़ाए और सरपंच की कुर्सी संभाले। ट्रेलर की शुरुआत सरपंच के सामने एक बच्ची की गुहार से होती है। वह कहती है कि स्कूल के सामने लड़के शराब पीकर लड़कियों को परेशान करते हैं...तो आप शराब बंद कर दो।
इस पर बोमन ईरानी का जवाब सुनकर आप सिर पकड़ने को मजबूर हो जाएंगे। फिल्म में रणवीर सिंह जल्द ही दूसरी बार पिता बनने वाले हैं। दूसरी बार में लड़का होगा या लड़की ये जानने के लिए जेंडर टेस्ट करवाया जाता है। जैसे ही पता चलता है कि बेटा नहीं बेटी होने वाली है तो सरपंच भ्रूण हत्या का फैसला करता है। लेकिन इस बार जयेश ने ठान लिया है कि वह अपनी बेटी को दुनिया में लाकर ही रहेगा। पूरी फिल्म इसी पर आधारित है।