Jiah Khan suicide Timeline: जिया खान सुसाइड केस में जानिए कब क्या-क्या हुआ, पढ़िए पूरी टाइमलाइन

Jiah Khan suicide Timeline: 25 साल की जिया खान जो अपनी जिंदगी में धीरे-धीरे आगे बढ़ रही थीं और इंडस्ट्री में ऊंचा नाम कमाना चाहती थीं 2013 में मृत पाई गईं। उनकी मौत को सुसाइड बताया गया लेकिन उनके आखिरी 6 पन्नों के एक लेटर ने केस का रुख ही बदल दिया। इस मामले को पूरा एक दशक बीत चुका है इस दौरान केस में कई उतार-चढ़ाव आए लेकिन आज सबूत ना मिलने की वजह से सूरज पंचोली बरी हो गए

अपडेटेड Apr 28, 2023 पर 2:54 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google

Jiah Khan suicide Timeline:  'एक वक्त था जब मैं तुम्हारे साथ अपना फ्यूचर देखा करती थी पर तुमने मेरे सपनों को तोड़ दिया। अब मैं अंदर से मरा हुआ महसूस करती हूं। मैंने इससे पहले कभी किसी की इतनी केयर नहीं की थी। मेरे प्यार के बदले मुझे सिर्फ धोखा और झूठ मिला।’

ये किसी फिल्मी कहानी का सीन नहीं बल्कि बॉलीवुड एक्ट्रेस जिया खान का आखिरी खत है । 2013 में उनके सुसाइड के बाद उनके ये आखिरी शब्द चारों ओर मीडिया में छाए हुए थे। ऐसे में शक के घेरे में थे उनके एक्स बॉयफ्रेंड सूरज पंचोली।

जिया खान वो एक्ट्रेस हैं जिनके सुसाइड केस ने बॉलीवुड इंडस्ट्री में तहलका मचा दिया था। साल 2013 में एक्ट्रेस की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई और शक के घेरे में आए उनके एक्स बॉयफ्रेंड सूरज पंचोली जो प्रसिद्ध एक्टर आदित्य पंचोली के बेटे हैं. दरअसल जिया खान ने अपने आखिरी लेटर में अबॉर्शन का जिक्र भी किया था। जिससे मामला और भी पेचीदा हो गया। एक्ट्रेस की मौत को लगभग एक दशक बीत गया है लेकिन उनके इस केस से जुड़े कई ऐसे पहलू हैं जो आज तक अनसुलझे हैं।


सुसाइड नहीं मर्डर है

3 जून 2013 जिया खान मुंबई के जुहू में अपने बंगले में मृत पाई गईं। इसके कुछ हफ्तों बाद ही सूरज पंचोली को लेटर के आधार पर सुसाइड का दोषी बताया जाने लगा। इस लेटर को मीडिया में भी रिलीज कर दिया गया। वहीं जिया खान की मां राबिया जो इस केस की इकलौती गवाह थी उनका कुछ और ही कहना था। राबिया ने भरी अदालत में इसे सुसाइड की जगह मर्डर करार दिया। वहीं दूसरी ओर ऑटोप्सी रिपोर्ट में मौत की वजह फांसी पाई गई, कहीं से भी मर्डर होने की पुष्टि नहीं हो पाई। जुलाई 2013 में सूरज पंचोली को बेल दे दी गई लेकिन उनके पासपोर्ट को जब्त कर लिया गया। बाद में सूरज पंचोली को जिया खान को सुसाइड के लिए उकसाने की वजह से दोषी करार दिया गया। जिया खान की मां राबिया केस की जांच से नाखुश थीं ऐसे में उन्होंने कोर्ट से मामले की जांच सीबीआई को सौंपने की गुजारिश की।

साल 2014

मामले के एक साल बाद राबिया की याचिका को कोर्ट ने स्वीकार कर लिया और केस की जांच मुंबई पुलिस से छीनकर सीबीआई को सौंप दी। ऐसे में सूरज पंचोली के पिता आदित्य पंचोली कैसे शांत रहते उन्होंने जिया खान की मां के खिलाफ 100 करोड़ का मानहानि का केस कर दिया।

साल 2015

सीबीआई ने मई महीने में सूरज पंचोली के घर पर रेड डाली और एक महीने बाद पूछताछ के लिए तलब किया। दिसंबर महीने में सूरज पंचोली के खिलाफ एक चार्जशीट दायर की गई जिसमें एक्टर पर जिया खान को सुसाइड के लिए उकसाने का जिक्र किया गया।

साल 2016

अगस्त में सीबीआई ने भी जिया खान के मर्डर से इनकार कर दिया और इसे सुसाइड ही बताया। ऐसे में राबिया ने एक महीने बाद ही एक ब्रिटिश फॉरेंसिक एक्सपर्ट जेसन पायन - जेम्स को हायर किया, जिनके मुताबिक ये एक स्टेज्ड हत्या थी। दूसरी ओर आदित्य पंचोली ने जेम्स के दावों से इनकार कर दिया।

साल 2017

फरवरी महीने में राबिया की याचिका को खारिज कर दिया गया। दरअसल राबिया सीबीआई जांच के खिलाफ जाकर एक SIT के गठन की मांग कर रही थीं। जब उन्हें मामला अपने हाथ से जाता दिखाई दिया, तो उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेटर लिखा और अपनी बेटी के लिए न्याय की मांग की। वहीं इसके विपरीत आदित्य पंचोली ने बॉम्बे हाई कोर्ट से ट्राएल की प्रक्रिया को और तेजी से पूरा करने की गुजारिश की।

साल 2018

स्पेशल सीबीआई कोर्ट ने सूरज पंचोली के खिलाफ आगे की जांच को लेकर दायर की गई याचिका को खारिज कर दिया। पांच साल बाद सूरज पंचोली ने मीडिया के सामने बयान दिया- मैं जानता हूं कि मुझ पर कई तरह के इल्जाम लगाए जाएंगे और मैं इसके लिए तैयार भी हूं क्योंकि जब तक कार्रवाई शुरू नहीं होगी तब तक मैं खुद को डिफेंड नहीं कर सकता। इस उधेड़-बुन में मैंने अपने 20s को खत्म कर लिया है और अब मैं आगे खुद को एक अपराधी की तरह डील नहीं करना चाहता। मुझे किसी की सिंपथी नहीं चाहिए। मैं बस चाहता हूं कि ट्राएल बिना किसी पक्षपात के हो। चाहे फैसला मेरे खिलाफ जाए या मेरे पक्ष में।

साल 2021

जिया खान के केस को स्पेशल सीबीआई कोर्ट को सौंप दिया गया।

साल 2022

बॉम्बे हाई कोर्ट ने राबिया की इस केस में दोबारा जांच किए जाने की याचिका को खारिज कर दिया।

साल 2023

20 अप्रैल को मामले से जुड़ी अंतिम सुनवाई हुई और स्पेशल जज एएस सैय्यद ने केस के फैसले को रिजर्व कर लिया। 28 अप्रैल को सबूतों के अभाव के चलते एक्टर सूरज पंचोली को बरी कर दिया गया। ऐसे में जिया खान की मां अब हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाना चाहती हैं।

केस की अंतिम सुनवाई के बाद राबिया का बयान सामने आया। राबिया का कहना है कि सुसाइड के लिए उकसाया गया आज ये बात तो खारिज कर दी गई लेकिन सवाल ये है कि मेरी बच्ची की मौत कैसे हुई? इस सवाल का जवाब अभी तक नहीं मिल पाया है। मैं शुरू से कहती आई हूं कि ये एक मर्डर है। भले ही सुसाइड के लिए उकसाए जाने का मामला खत्म हो गया है लेकिन मर्डर का मुद्दा अभी भी है और मैं हाई कोर्ट जाना चाहूंगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।