Kaali Controversy: कौन हैं लीना मणिमेकलाई, जिन्हें गिरफ्तार करने की हो रही है मांग, मां काली को सिगरेट पीते हुए दिखाने पर बवाल

दिल्ली के एक वकील ने सोमवार को लीना मणिमेकलाई के खिलाफ उनकी नई डॉक्यूमेंट्री Kaali के विवादास्पद पोस्टर को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाया गया है

अपडेटेड Jul 04, 2022 पर 6:03 PM
विवादित पोस्टर में मां काली को सिगरेट पीते हुए दिखाया गया है

Kaali Poster Controversy: भारतीय फिल्ममेकर लीना मणिमेकलाई (Leena Manimekalai) की आगामी डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘काली (Kaali)’ का एक पोस्टर सामने आने के बाद बवाल मच गया है। सोशल मीडिया पर वायरल पोस्टर में मां काली को सिगरेट पीते हुए दिखाया गया है। इतना ही नहीं, काली मां के एक हाथ में LGBTQ समुदाय का ध्वज भी दिखाया है। फिल्म का पोस्टर और वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। लोग लीना पर जमकर निशाना साध रहे हैं।

लीना मणिमेकलाई ने 2 जुलाई को अपनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म 'काली' का पोस्टर जारी किया था। इस पोस्टर के साथ उन्होंने जानकारी साझा करते हुए बताया कि वह काफी उत्साहित हैं, क्योंकि उनकी डॉक्यूमेंट्री काली का कनाडा फिल्म फेस्टिव में लॉन्च हुआ।

लोगों ने की गिरफ्तारी की मांग


पोस्टर देखने के बाद लोग फिल्ममेकर को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं। विवादित पोस्टर की वजह से खड़े हुए बवाल के बाद अब लीना के खिलाफ पुलिस शिकायत भी दर्ज हो चुकी हैं। उन पर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाया गया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर पर #ArrestLeenaManimekali ट्रेंड कर रहा है और उनपर कार्रवाई करने की मांग की जा रही है।

शिकायत दर्ज

दिल्ली के एक वकील ने सोमवार को लीना मणिमेकलाई के खिलाफ उनकी नई डॉक्यूमेंट्री काली के विवादास्पद पोस्टर को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता ने कहा कि इस पोस्टर में एक महिला देवी काली के वेश में सिगरेट पीती हुए दिखाई गई है, यह हिंदू समुदाय की भावनाओं और विश्वासों को आहत कर रहा है। दिल्ली पुलिस के साइबर सेल में शिकायत दर्ज करवाई गई है।

शिकायत में कहा गया है कि यह एक सोची-समझी और दुर्भाग्यपूर्ण हरकत है। इसका उद्देश्य हिंदू समुदाय की धार्मिक भावनाओं को आपत्तिजनक वीडियो और फोटो के जरिए आहत करना है, जिसे आरोपी ने अपने ट्विटर एकाउंट के जरिए शेयर किया था। यह पोस्टर सोशल मीडिया और पब्लिक प्लेटफार्म पर खूब शेयर हुआ था। लीना के खिलाफ IPC की धारा 295A, 34 298, 505, IT एक्ट 67 के तहत मामला दर्ज कराया गया है।

कौन हैं लीना मणिमेकलाई?

लीना एक फिल्ममेकर के साथ कवयित्री और एक्ट्रेस भी हैं। इसके अलावा वह डॉक्यूमेंट्री और एक्सपेरिमेंटल पोयम फिल्म्स भी बना चुकी हैं। उन्हें कई नेशनल और इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में अवॉर्ड भी मिल चुके हैं। लीना ने 2002 में शॉर्ट डॉक्यूमेंट्री 'मथम्मा' से अपने करियर की शुरुआत की थी।

20 मिनट की यह डॉक्यूमेंट्री चेन्नई के पास अरक्कोणम के गांव मंगट्टचेरी में अरंधतियार समुदाय के बीच प्रचलित प्रथा के बारे में है। इसमें दिखाया गया है कि लड़कियों को उनके देवता को समर्पित कर दिया जाता है। लीना के 5 कविता संकलन भी प्रकाशित हो चुके हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।