'राजनीति में आने की कोई प्लानिंग नहीं, लेकिन...' कंगना रनौत ने कलाकारों के लिए इस दौर को बताया 'बहुत अच्छा समय'

कंगना रनौत (Kangana Ranaut) ने कहा कि राजनीति में उनकी गहरी दिलचस्पी उनके काम में दिखाई देगी। बॉलीवुड स्टार ने यह भी कहा कि वह देशभक्त हैं और हमेशा उन लोगों को बढ़ावा देंगी, जो देश के लिए अच्छा काम कर रहे हैं

अपडेटेड Oct 03, 2022 पर 5:05 PM
कंगना रानौत ने कलाकारों के लिए इस दौर को बताया 'बहुत अच्छा समय'

बॉलीवुड अदाकारा कंगना रनौत (Kangana Ranaut) ने रविवार को कहा कि उनकी पेशेवर रूप से राजनीति (Politics) में आने की कोई प्लानिंग नहीं है, बल्कि वह अपने फिल्मी करियर पर ही ध्यान देना चाहती हैं। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, हालांकि, अभिनेत्री ने कहा कि राजनीति में उनकी गहरी दिलचस्पी है।

उन्होंने नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट का दौरा किया, जहां 17 सितंबर से शुरू हुई ई-नीलामी के हिस्से के रूप में प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी को उपहार में दी गई 1,200 से ज्यादा चीजों को प्रदर्शित किया गया है। एक्ट्रेस ने अयोध्या में आगामी श्री राम मंदिर के मॉडल के लिए बोली लगाई।

उन्होंने कहा, "राजनीति में आने की मेरी कोई योजना नहीं है। मैं अपनी आने वाली फिल्मों की शूटिंग में व्यस्त हूं। मेरी रुचि राजनीति में है, लेकिन सिर्फ एक कलाकार के रूप में।"


रनौत ने कहा, "मैं एक सफल कलाकार हूं, क्योंकि मैंने अपना करियर 16 साल की उम्र में शुरू किया था। काफी मशक्कत के बाद आज इस मुकाम पर पहुंची हूं।"

उन्होंने यह भी कहा कि राजनीति में उनकी गहरी दिलचस्पी उनके काम में दिखाई देगी। उन्होंने कहा, "अब, मेरे पास एक नया करियर शुरू करने की क्षमता नहीं है। मैं हमेशा राजनीति में अपनी रुचि को ध्यान में रखते हुए अच्छी फिल्में बनाऊंगी।"

फिल्म 'इमरजेंसी' को बताया विवादित

बॉलीवुड स्टार ने यह भी कहा कि वह देशभक्त हैं और हमेशा उन लोगों को बढ़ावा देंगी, जो देश के लिए अच्छा काम कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, "मैं देशभक्त हूं... मैं अपने काम में बहुत व्यस्त हूं और मैं हमेशा उन लोगों का समर्थन करूंगी, जो देश के लिए अच्छा कर रहे हैं, चाहे वे किसी भी पार्टी के हों।"

अपनी आने वाली फिल्म "इमरजेंसी" के बारे में बोलते हुए, उन्होंने स्वीकार किया कि फिल्म का विषय विवादित है। ऐसा केवल वर्तमान सरकार के प्रोत्साहन के कारण ही ऐसे विषय पर काम कर पाईं। इसमें रनौत पूर्व प्रधान मंत्री इंदिरा गांधी की भूमिका निभा रही हैं।

Adipurush में सैफ अली खान का लुक देख यूजर्स बोले- 'ये रावण है या खिलजी?', ट्विटर पर ट्रेंड हो रहा #DisappointingAdipurish

उन्होंने कहा, "यह एक विवादित मुद्दा है और मुझे लगता है कि आज तक किसी को भी इस कहानी को खुले तौर पर बताने की आजादी नहीं थी। यह अब संभव है, क्योंकि वर्तमान सरकार अभिनेताओं को कुछ सुरक्षा और प्लेटफॉर्म दे रही है... जैसे विवेक अग्निहोत्री जी ने एक फिल्म बनाई थी, इसलिए उन्हें सुरक्षा दी गई।"

उन्होंने कहा कि ऐसी रचनात्मक स्वतंत्रता पहले इस देश से गायब थी। अभिनेत्री ने कहा, "यह देश के इतिहास का एक अहम चरण था, लेकिन किसी में इस पर फिल्म बनाने की हिम्मत नहीं थी। इसलिए मुझे लगता है कि रचनात्मक कलाकारों के लिए यह बहुत अच्छा समय है।"

'इमरजेंसी' में दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर क्रांतिकारी नेता जेपी नारायण, श्रेयस तलपड़े पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, मिलिंद सोमन फील्ड मार्शल सैम मानेकशॉ और महिमा चौधरी लेखक-सांस्कृतिक कार्यकर्ता पुपुल जयकर की भूमिका में होंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।