'द कपिल शर्मा शो' जल्द ही ऑफ एयर होने जा रहा है। अभी तक लास्ट एपिसोड के शूट होने की आखिरी डेट फाइनल नहीं हुई है लेकिन कपिल शर्मा ने इंस्टाग्राम हैंडल पर कुछ ऐसा पोस्ट किया है जिसके बाद से लोग ये कयास लगा रहे हैं कि जुलाई में 'द कपिल शर्मा शो' बंद हो जाएगा। दरअसल कपिल शर्मा ने अपने यूएस टूर की जानकारी सोशल मीडिया पर दिया है। उनका ये टूर 8 जुलाई से शुरू होने जा रहा है। यानि किसी भी हाल में 'द कपिल शर्मा शो' का रैप अप 8 जुलाई से पहले ही पूरा कर दिया जाएगा।
कृष्णा अभिषेक जो 'द कपिल शर्मा शो' पर धर्म-गर्म और सपना के किरदार में दिखाई देते हैं यूएस टूर का हिस्सा नहीं रहेंगे। कृष्णा अभिषेक का कहना है कि इसमें परेशानी की कोई बात नहीं है। दरअसल वो अपने दूसरे कमिटमेंट्स की वजह से यूएस टूर को बाद में ज्वाइन करेंगे। मई से ही ये खबरें सामने आ गई थीं कि जुलाई की शुरुआत में ही 'द कपिल शर्मा शो' का आखिरी एपिसोड रिलीज कर दिया जाएगा। इसी के साथ ये भी कंफर्म किया जा रहा है कि अक्टूबर और नवंबर से 'द कपिल शर्मा शो' का नया सीजन भी रिलीज कर दिया जाएगा।
ये पहली बार नहीं है कि 'द कपिल शर्मा शो' ऑफ एयर किया गया है। इससे पहले साल 2022 में ऑफ एयर होने के बाद सितंबर 2022 में एक नए सीजन के साथ वापसी की थी। कपिल शर्मा इससे पहले 'कॉमेडी नाइट्स विद कपिल' के साथ कलर्स पर आया करते थे। वहां पर शो बंद करने के बाद सोनी पर कपिल शर्मा ने वापसी की थी। कपिल शर्मा हमेशा अपने फैंस और ऑडिएंस को अपनी सफलताओं का श्रेय देते हैं। उम्मीद है कि वो अपने फैंस से ज्यादा दिनों तक दूर नहीं रहेंगे।