Box Office : फीकी रह गई सलमान खान की ईद, किसी का भाई किसी की जान ने पहले दिन कमाए महज 15.81 करोड़

इस ओपनिंग को कमजोर इसलिए माना जा रहा है क्योंकि इसके पहले ईद के मौके पर रिलीज हुई सलमान खान की फिल्मों ने इससे बेहतर प्रदर्शन किया है। हालांकि, सलमान खान स्टारर 'किसी का भाई किसी की जान' की पठान के बाद 2023 में दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग हुई है

अपडेटेड Apr 22, 2023 पर 3:53 PM
सलमान खान की फिल्म 'किसी का भाई किसी की जान' शुक्रवार, 21 अप्रैल 2023 की सिनेमाघरों में रिलीज हुई है।

Box Office : सलमान खान की फिल्म 'किसी का भाई किसी की जान' शुक्रवार, 21 अप्रैल 2023 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। इस फिल्म की ओपनिंग काफी कमजोर रही। ईद के मौके पर रिलीज होने वाली इस फिल्म ने पहले दिन 15.81 करोड़ का बिजनेस किया है। इस ओपनिंग को कमजोर इसलिए माना जा रहा है क्योंकि इसके पहले ईद के मौके पर रिलीज हुई सलमान खान की फिल्मों ने इससे बेहतर प्रदर्शन किया है। हालांकि, सलमान खान स्टारर 'किसी का भाई किसी की जान' की पठान के बाद 2023 में दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग हुई है। पठान ने पहले दिन 57 करोड़ रुपये कमाए थे।

फिल्म के बारे में

इस फिल्म के डायरेक्टर फरहाद सामजी हैं। पिछले चार साल में लीड रोल में सलमान खान की बिग स्क्रीन पर यह पहली फिल्म है। किसी का भाई किसी की जान सलमान खान फिल्म प्रोडक्शन के बैनर तले बनी है। इस फिल्म में वेंकटेश, पूजा हेगड़े, जगपति बाबू और भूमिका चावला भी हैं। इसमें विजेंदर सिंह, राघव जुयाल, सिद्धार्थ निगम, जस्सी गिल, शहनाज गिल, पलक तिवारी और विनाली भटनागर ने भी किरदार निभाए हैं।


कमजोर रहा फिल्म का प्रदर्शन

ट्रेड एनालिस्ट तरण आदर्श ने कहा कि सलमान खान की फिल्म 'किसी का भाई किसी की जान' ने ओपनिंग डे पर 15.81 करोड़ की कमाई की है। फिल्म 'दबंग' को छोड़ दें तो पिछले 12 साल के दौरान ईद पर सबसे कम कमाई 'किसी का भाई किसी की जान' ने की है। दबंग को छोड़कर ईद पर रिलीज सभी फिल्मों ने 20 करोड़ से ज्यादा का फर्स्ट डे कलेक्शन किया है।

ईद पर रिलीज अन्य फिल्मों का कैसा रहा है प्रदर्शन

ईद पर रिलीज सलमान खान की अन्य फिल्मों की बात करें तो ज्यादातर ने बेहतर प्रदर्शन किया है। आंकड़ों की बात करें तो सलमान खान की 2019 में रिलीज फिल्म भारत ने पहले दिन 42.30 करोड़ रुपये की कमाई की थी। इसके अलावा, सुल्तान ने पहले दिन 36.54 करोड़, एक था टाइगर ने 32.92 करोड़, रेस 3 ने 28.5 करोड़, बजरंगी भाईजान ने 27.25 करोड़, किक ने 26.40 करोड़, ट्यूबलाइट ने 21.60 करोड़ और बॉडीगार्ड ने 21.15 करोड़ का बिजनेस किया था।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।