'कुत्ते', (kuttey) हमारे आस पास यह शब्द सबसे कॉमन गाली के तौर पर इस्तेमाल होता रहा है। हिंदी फिल्मों में भी इस शब्द को लेकर कई सारे ऐतिहासिक और कालजयी डायलॉग लिखे गए हैं। अब इसी टाइटल से मशहूर फिल्म निर्माता निर्देशक और म्यूजिक कंपोजर विशाल भारद्वाज (Vishal Bhardwaj) ने अपने प्रोडक्शन हाउस से एक फिल्म भी बना डाली है। हालांकि इस बार डायरेक्शन की कमान उनके बेटे आसमान भारद्वाज (Aasmaan Bhardwaj) के हाथों में हैं। दिलचस्प बात ये भी है कि साल 2009 में विशाल ने 'कमीने' (Kaminey) बनाई थी। अब साल 2023 में उनके बेटे फिल्म 'कुत्ते' (kuttey) लेकर आए हैं। आइये जानते हैं कई सारे शानदार कलाकारों से सजी ये फिल्म कैसी है?
क्या है फिल्म 'kuttey' की कहानी
फिल्म कुत्ते (kuttey) में दो करप्ट पुलिस वालों की कहानी दिखाई गई है। ये दोनों ही अपने लालच के चलते मुसीबत में फंस जाते हैं। इस मुसीबत से उनको बस एक ही चीज बाहर निकाल सकती है और वो है खूब सारा पैसा। ऐसे में ATM में पैसे डालने वाली एक वैन को लूटने का प्लान बनाया जाता है। अब ये प्लान कामयाब हो पाता है या नहीं और दोनों पुलिस वाले अपनी मुसीबत से निकल पाते हैं या नहीं इसी इसका जवाब आपको फिल्म देखकर मिलेगा। फिल्म अपनी शुरुआत से ही कहानी की रफ्तार को सेट करने की कोशिश करती है। दूसरे हाफ में फिल्म की पेस काफी कसी हुई है। कहानी की पेस इस फिल्म को बोरिंग होने से भी बचाती है।
खून-खराबे और गालियों का डोज
डायरेक्शन की पिच पर अपनी पारी की शुरुआत कर रहे आसमान भारद्वाज (Aasmaan Bhardwaj) ने अपनी इस फिल्म में गालियों और खून खराबे के कई सारे सीन डाले हैं। उनके निर्देशन में पिता विशाल भारद्वाज (Vishal bhardwaj) के डार्क ह्यूमर की झलक साफ दिखाई देती है। हालांकि फिल्म में आसमान के डायरेक्शन का टच भी देखा जा सकता है। इस फिल्म की सबसे बड़ी खासियत इसकी शानदार स्टारकास्ट है। आसमान ने अपनी पहली फिल्म में इन सभी कलाकारों को काफी बढ़िया तरीके से बैलंस करने की कोशिश की है।
आसमान ने अपनी फिल्म कुत्ते में काफी भारी भरकम स्टारों को लिया है। इस फिल्म में जहां एक तरफ तब्बू (Tabbu), नसीरुद्दीन शाह (Naseeruddin Shah), कोंकणा सेन शर्मा (Konkana Sen Sharma) और कुमुद मिश्रा (Kumud mishra) जैसे अभिनय के मंझे हुए खिलाड़ी हैं तो वहीं एक तगड़े रोल का इंतजार कर रहे अर्जुन कपूर (Arjun Kapoor) और राधिका मदान (Radhika Madan) जैसे एक्टर भी इस फिल्म में दिखाई देते हैं। पूरी फिल्म में तब्बू, कोंकणा सेन शर्मा और कुमुद मिश्रा ने कमाल का काम किया है। तब्बू ने इस फिल्म में पम्मी नाम की एक पुलिस अधिकारी का किरदार निभाया है। तब्बू के लिए पिछला साल 2022 भी बेहतरीन गुजरा था। भूलभुलैया पार्ट 2 और दृश्यम पार्ट 2 (Bhool Bhulaiyaa 2 and Drishyam 2) को दर्शकों का काफी प्यार मिला था साथ ही दोनों ही फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ से ज्यादा की कमाई भी की थी। अर्जुन कपूर भी फिल्म में पलिसवाले ही बने हैं। वहीं कोंकणा सेन शर्मा ने एक नक्सल महिला का किरदार निभाया है। उनके किरदार का नाम लक्ष्मी है। सरदार के किरदार में कुमुद मिश्रा ने भी शानदार काम किया है। पिछली कई फिल्मों में अपनी एक्टिंग स्किल को लेकर सवालों का सामना कर रहे अर्जुन कपूर के लिए यह फिल्म बढ़िया साबित हो सकती है। उन्होंने भी अपने किरदार को निभाने के लिए मेहनत की है। बाकी नसीरुद्दीन शाह की स्क्रीन टाइमिंग काफी थोड़े समय के लिए ही है। साथ ही इसमें अनुराग कश्यप (Anurag Kashyap) और आशीष विद्यार्थी ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। राधिका मदान अपने किरदार में जंची हैं।
कुत्ते में संगीत की कमान विशाल भारद्वाज के हाथों में है। कंपोजीशन के मामले में विशाल भारद्वाज के पास अपनी एक अलग लेगेसी है। जो कि उनकी सभी फिल्मों जैसे कि ओमकारा, कमीने, इश्किया और हैदर में नजर आती है। फिल्म के गाने बेहतरीन है। साथ ही इसका बैकग्राउंट स्कोर भी काफी शानदार है। विशाल ने म्यूजिक के जरिए इस फिल्म में कई सारे सीन को आपस में जोड़ने और एक्साइटमेंट पैदा करने की कोशिश की है और वो इसमें कामयाब भी होते नजर आते हैं।
ऊपर ऊपर से देखने में अपनी पहली फिल्म में आसमान भारद्वाज ने काफी शानदार काम किया है। लेकिन फिर भी फिल्म में कुछ गलतियां ऐसीा हैं जिनको नजर अंदाज करना थोड़ा मुश्किल हो जाता है। हालांकि फिल्म का क्लाइमैक्स काफी शादनदार है और यहां पर आसमान दर्शकों को चौंकाने में कामयाब रहे हैं। हम अपनी तरफ से इस फिल्म को 3 स्टार देते हैं।