भारत रत्न और बालीवुड की लेजेंड्री सिंगर लता मंगेशकर (Lata Mangeshkar) का रविवार को निधन हो गया है। राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, 'भारत रत्न, लता-जी की उपलब्धियां अतुलनीय रहेंगी।' वहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी दुख व्यक्त करते हुए कहा कि लता दीदी देश में एक खालीपन छोड़ गई हैं, जिसे भरा नहीं जा सकता है। पीएम ने कहा कि उनके निधन से मैं पीड़ा में हूं।
प्रधानमंत्री ने एक के बाद एक कई ट्वीट किए और सिंगर के साथ बिताए पुराने दिनों को याद किया। एक ट्वीट में उन्होंने लिखा, लता दीदी के गानों ने कई तरह की भावनाओं को उभारा है। उन्होंने दशकों तक भारतीय फिल्म जगत के बदलावों को करीब से देखा। वह हमेशा भारत के विकास के बारे में भावुक थीं। वह हमेशा एक मजबूत और विकसित भारत देखना चाहती थीं।
पीएम मोदी ने कहा कि मैं इसे अपना सम्मान मानता हूं कि मुझे हमेशा लता दीदी का अपार स्नेह मिला। उनके साथ मेरी बातचीत मुझे कभी नहीं भूलेगी। लता दीदी के निधन से अपने साथी भारतीयों के साथ मुझे भी दुख है। पीएम मोदी ने उनके परिवार से बात की है और अपनी संवेदना व्यक्त की।
वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर कहा कि स्वर कोकिला लता मंगेशकर जी के निधन से भारत की आवाज खो गई है। उनके गाए हुए गीतों को भारत की कई पीढियां गुनगुनाएंगी। उनके निधन से देश की कला और संस्कृति जगत को बहुत बड़ा नुकसान हुआ है। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि देश की शान और संगीत जगत की शिरमौर स्वर कोकिला भारत रत्न मंगेशकर जी का निधन बहुत ही दुखद है। पुण्यात्मा को मेरी भावभीनी श्रद्धांजलि। उनका जाना देश के लिए अपूरणीय क्षति है। वे सभी संगीत साधकों के लिए हमेशा प्रेरणा थी।
फिल्म अभिनेत्री और BJP की नेता हेमा मालिनी ने कहा कि लता मंगेशकर का निधन बहुत दुखदायक है। वे बहुत बड़ी कलाकार थीं। सरस्वती जी का उनके ऊपर पूरा वरदान था। अपने जीवन में उन्होंने कई अच्छे गाने गाये हैं। मेरा सौभाग्य है कि उनके गानों में मुझे काम करने का मौका मिला।
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वर कोकिला, 'भारत रत्न' लता मंगेशकर जी का निधन अत्यंत दुखद और कला जगत की अपूरणीय क्षति है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों व उनके प्रशंसकों को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।
वहीं लता मंगेशकर के निधन पर भारतीय क्रिकेट टीम ने भी श्रद्धांजलि दी है। भारतीय खिलाड़ी अपनी बांह पर काली पट्टी बांधकर क्रिकेट खेल रहे हैं। दिवंगत गायिका को श्रद्धांजलि देने के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने यह कदम उठाया है। बता दें कि भारत और वेस्टइंडीज के बीच आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम (Narendra Modi Stadium, Ahmedabad) में वनडे सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है।
लता के निधन पर केंद्र सरकार ने दो दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। टीम इंडिया के बल्लेबाज और पूर्व कप्तान विराट कोहली से लेकर गौतम गंभीर, मिताली राज, वीवीएस लक्ष्मण, वेंकटेश्श्वर प्रसाद और आकाश चोपड़ा सहित कई दिग्गजों ने उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दी है।
स्वर कोकिला लता मंगेशकर को साल 2009 में फ्रांस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ऑफिसर डि ला लीजन द ऑनर (Officier de la Legion d'Honneur) से सम्मानित किया गया है। फ्रांस में भारत की एम्बेसी ने ट्वीट कर कहा है कि भारत की कोकिला लता मंगेशकर के निधन से एक युग का अंत हो गया। यह देश और संगीत जगत के लिए बहुत बड़ी क्षति है।