Lata Mangeshkar Cremated: सुरों की मल्लिका, भारत की स्वर कोकीला (Nightingale of India) लता मंगेशकर (Lata Mangeshkar) पंच तत्व में विलीन हो गई हैं। प्रसिद्ध गायिका लता मंगेशकर का 92 साल की उम्र में रविवार, 6 फरवरी को मुंबई में मल्टीपल ऑर्गन फेल्योर के कारण निधन हो गया। मंगेशकर का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ शिवाजी पार्क मैदान (Shivaji Park Maidan) में किया गया।
दिग्गज गायिका के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) शिवाजी पार्क पहुंचे, जहां उन्होंने लता दीदी को श्रद्धांजलि अर्पित की, उनके अलावा सीएम उद्धव ठाकरे, शाहरुख खान, आमिर खान, रणबीर कपूर, जावेद अख्तर, श्रद्धा कपूर, आशा भोंसले, सचिन तेंदुलकर, देवेंद्र फडणवीस और कई अन्य हाई-प्रोफाइल हस्तियां भी दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि देने के लिए शिवाजी पार्क स्थल पर पहुंची थीं।
मंगेशकर, जिन्हें 'मेलोडी क्वीन' और 'भारत की कोकिला' के रूप में जाना जाता था, उन्होंने ब्रीच कैंडी अस्पताल में सुबह 8:12 बजे अंतिम सांस ली। वे 8 जनवरी को हल्के लक्षणों के साथ Covid-19 पॉजिटिव पाई गई थीं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। उन्हें ब्रीच कैंडी अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज डॉ. प्रतीत समदानी और उनकी डॉक्टरों की टीम द्वारा किया जा रहा था।
दिग्गज गायिका की हालत में पिछले हफ्ते तक सुधार दिख रहा था, लेकिन उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें शनिवार की सुबह वेंटिलेटर सपोर्ट पर दोबारा रखा गया। उनका निमोनिया का भी इलाज चल रहा था। वह 30 जनवरी को COVID-19 और निमोनिया से उबर गईं थीं।