सलमान खान को मारने के लिए गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने 2018 में खरीदी थी 4 लाख की राइफल, पुलिस ने किया खुलासा

गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई ने कथित तौर पर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को बताया कि उसने सलमान खान की हत्या के लिए आरके स्प्रिंग राइफल खरीदने लिया था। इस राइफल के लिए 4 लाख रुपये का पेमेंट भी कर दिया गया था

अपडेटेड Jul 12, 2022 पर 3:14 PM
Story continues below Advertisement
लॉरेंस बिश्नोई काफी समय से सलमान खान के पीछे पड़ा है

गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई (Lawrence Bishnoi) से इस समय मशहूर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के सिलसिले में पूछताछ की जा रही है। पूछताछ के दौरान कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई ने दावा किया है कि वह 2018 में बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान (Salman Khan) को मारना चाहता था। दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने बताया कि सलमान खान की हत्या के लिए बिश्नोई ने 4 लाख रुपये की राइफल खरीदने के लिए पेमेंट भी कर दिया था।

दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल के सूत्रों ने कहा कि बिश्नोई ने बताया कि वह 1998 में राजस्थान के जोधपुर में 'हम साथ साथ हैं...' की शूटिंग के दौरान चिंकारा शिकार मामले में सलमान खान को मारना चाहता था। बता दें कि सलमान को जोधपुर की अदालत ने अप्रैल 2018 में दो काले हिरणों को मारने के आरोप में 5 साल जेल की सजा सुनाई थी। अभिनेता ने सजा को ऊपरी अदालत में चुनौती दी है। इस मामले में सलमान को कुछ समय के लिए जोधपुर जेल में बंद भी रहना पड़ा था।

सलमान की हत्या के लिए बन गया था प्लान


न्यूज 18 के मुताबिक, लॉरेंस बिश्नोई ने पुलिस पूछताछ में कथित तौर पर दावा किया है कि उसने सलमान खान को मारने के लिए राजगढ़ के रहने वाले संपत नेहरा को मैसेज भेजे थे। नेहरा उस समय फरार था। सूत्रों ने बताया कि लॉरेंस ने कबूल किया कि सलमान को मारने के लिए संपत नेहरा को मुंबई भेजा गया था। उसने अभिनेता के घर के आसपास रेकी भी की थी। हालांकि, नेहरा के पास केवल एक ही पिस्टल थी। उसके पास लंबी दूरी तक मार करने वाली राइफल नहीं थी। जिसकी वजह से वह सलमान पर हमला नहीं कर पाया।

ये भी पढ़ें- केरल में RSS कार्यालय पर बम से हमला, दफ्तर की खिड़की के टूटे शीशे, भारी संख्या में पुलिस बल तैनात

पुलिस के मुताबिक, लॉरेंस ने कथित तौर पर बताया कि इसी के बाद उसने सलमान की हत्या के लिए आरके स्प्रिंग राइफल खरीदने का फैसला किया। लॉरेंस के मुताबिक, उसने दिनेश डागर नाम के शख्स को राइफल खरीदने का ऑर्डर दिया था। इस राइफल के लिए 4 लाख रुपये का पेमेंट भी कर दिया गया था। ये पेमेंट डागर के साथी अनिल पांडे को किया गया था। हालांकि, 2018 में यह राइफल डागर के कब्जे से पुलिस ने बरामद कर ली थी।

पब्लिक के सामने आकर मांफी मांगे सलमान

रिपोर्ट्स के अनुसार, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने जानकारी देते हुए आगे कहा कि पूछताछ में लॉरेंस ने कहा कि काले हिरण को मारने के लिए हमारा समाज कभी भी सलमान खान को माफ नहीं करेगी। लॉरेंस चाहता है कि सलमान अपने कृत्य के लिए समाज के सामने आकर माफी मांगे।

आपको बता दें कि लॉरेंस बिश्नोई काफी समय से सलमान खान के पीछे पड़ा है। पिछले महीने खबर आई थी कि बिश्नोई गैंग के तीन लोगों ने एक लेटर में सलमान खान और उनके पिता सलीम खान को मारने की धमकी दी थी। इसमें कथित तौर पर कहा गया था कि सलमान का हश्र भी सिद्धू मूसेवाला की तरह किया जाएगा। मशहूर गायक सिद्धू की 29 मई को पंजाब के मानसा में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।