पिंकी ईरानी को सामने बिठाया, फिर दिल्ली पुलिस ने नोरा फतेही पर दागा सवाल- 200 करोड़ की रंगदारी के बारे में क्या जानती हो?

नोरा फतेही से पिंकी ईरानी को सामने बिठाकर पूछताछ किए जाने की तैयारी है। पिंकी ईरानी ने ही नोरा फतेही और अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज को सुकेश चंद्रशेखर से मिलवाया था

अपडेटेड Sep 15, 2022 पर 3:41 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
इससे पहले सितंबर के पहले हफ्ते में EOW अधिकारियों ने इस मामले में फतेही की गवाही दर्ज की थी

बॉलीवुड अदाकारा नोरा फतेही (Nora Fatehi) गुरुवार को जेल में बंद महाठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये के जबरन वसूली के एक मामले में पूछताछ के लिए दिल्ली पुलिस की आर्थिक कार्यालय शाखा (EOW) के समक्ष पेश हुई। यह दूसरी बार है जब उन्हें जबरन वसूली मामले में दिल्ली पुलिस ने पूछताछ के लिए बुलाया है। इससे पहले सितंबर के पहले हफ्ते में EOW अधिकारियों ने इस मामले में फतेही की गवाही दर्ज की थी।

बॉलीवुड के लटके झटकों से दूर नोरा फतेही को आज EOW के सभी सवालों के जवाब देना होगा। उनका नाम तिहाड़ में बंद भारत के सबसे बड़े ठग सुकेश चंद्रशेखर के नाम के साथ जुड़ा है। माना जा रहा है कि सुकेश ने ठगी की रकम से ही नोरा फतेही को महंगे तोहफे देकर उनका दिल जीता था।

सूत्रों के मुताबिक, नोरा फतेही से पिंकी ईरानी को सामने बिठाकर पूछताछ किए जाने की तैयारी है। पिंकी ईरानी ने ही नोरा फतेही और अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज को सुकेश चंद्रशेखर से मिलवाया था। इससे पहले जैकलीन फर्नांडिस से बुधवार को आर्थिक अपराध शाखा में साढ़े 8 घंटे तक पूछताछ हुई थी।


ये भी पढ़ें- SCO Summit 2022 में शी जिनपिंग और पुतिन के साथ डिनर में शामिल हो सकते हैं PM मोदी, चीन-पाकिस्तान के साथ द्विपक्षीय वार्ता पर सस्पेंस

सूत्रों ने पीटीआई को बताया कि इस दौरान जैकलीन और पिंकी ईरानी को आमने-सामने बिठाकर पूछताछ हुई। सूत्रों ने बताया कि पूछताछ के दौरान जैकलीन और पिंकी ईरानी में काफी नोकझोंक हुई और दोनों ने एक दूसरे को अपशब्द कहे।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक, पिंकी ईरानी ने ही सुकेश और जैकलिन की मुलाकात कराई थी। पिंकी का कहना था कि जैकलीन को पता था कि सुकेश चंद्रशेखर 200 करोड़ रुपये की ठगी केस में दिल्ली के तिहाड़ जेल में बंद है। इसके बाद भी जैकलीन ने उससे महंगे गिफ्ट लिए। हालांकि, जैकलीन ने कहा कि पिंकी झूठ बोल रही है और उसे कोई जानकारी नहीं थी।

चंद्रशेखर को फोर्टिस हेल्थकेयर के पूर्व प्रमोटर शिविंदर मोहन सिंह की पत्नी अदिति सिंह सहित कुछ हाई-प्रोफाइल लोगों से कथित तौर पर धोखाधड़ी और जबरन वसूली के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कई बॉलीवुड अभिनेताओं और मॉडलों से चंद्रशेखर से कथित संबंधों के लिए पूछताछ की है।

पिछले साल अप्रैल में चंद्रशेखर को 2017 चुनाव आयोग रिश्वत मामले से जुड़े एक अन्य मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार किया गया था, जिसमें कथित तौर पर अन्नाद्रमुक के एक पूर्व नेता शामिल थे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।