Ranveer Allahbadia: रणवीर इलाहाबादिया इन दिनों अपने विवादित बयान की वजह से चर्चा में बने हुए हैं। इंडियाज गॉट लैटेंट में रणवीर इलाहाबादिया के पैरेंट्स रिलेशन पर कमेंट करने के बाद से सोशल मीडिया पर बवाल मचा है। हाल ही में यूट्यूबर समय रैना के शो इंडियाज गॉट लैटेंट में शामिल हुए थे, जहां पर उन्होंने ये विवादित बयान दिया था। सोशल मीडिया पर इस समय रणवीर के कई वीडियो वायरल हो रहा है।
इसी बीच रणवीर का एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा के साथ का एक पुराना वीडियो काफी वायरल हो रहा है, जिसमें वह रणवीर के पॉडकास्ट में नजर आई थी। इस वायरल वीडियो में एक्ट्रेस रणवीर को शोहरत के बावजूद परिवार के महत्व को समझाती नजर आ रही हैं। यह वीडियो उस समय का है जब प्रियंका उनके पॉडकास्ट में गेस्ट बनी थीं।
परिवार पर प्रियंका ने क्या कहा
पॉडकास्ट में जब रणवीर ने प्रियंका से उनके करियर और परिवार के बीच बैलेंस बनाने पर सवाल करते हुए पूछा, "क्या आप अब भी फैमिली फंक्शन्स में जाती हैं? इतना फेम मिलने के बाद इसे बिना किसी झिझक के कर सकती हैं?" इस पर प्रियंका ने जवाब दिया, "तो आप कह रहे हैं कि मैं अपने भाई की शादी में डांस नहीं करूंगी? मेरे लिए परिवार सबसे जरूरी है। शोहरत सिर्फ मेरे काम का एक हिस्सा है, यह मेरी पहचान नहीं है। मैं सिर्फ मशहूर होने के लिए काम नहीं करती, बल्कि काम करती हूं और उसके साथ शोहरत आती है।"
हाल ही में अपने भाई की शादी में हुईं थी शामिल
प्रियंका ने समझाया कि चाहे कोई सेलिब्रिटी हो या आम इंसान, सबके पीछे एक असली इंसान होता है। "हम भी पराठा-अचार खाना पसंद करते हैं, शादी में धूम मचाना अच्छा लगता है और अपने परिवार के साथ खुशियां बांटना पसंद करते हैं।" हाल ही में प्रियंका चोपड़ा के भाई सिद्धार्थ की शादी हुई, जिसमें एक्ट्रेस ने ना सिर्फ बारात में जमकर डांस किया, बल्कि शादी की सारी जिम्मेदारियां भी निभाईं। खास बात यह रही कि प्रियंका के ससुराल वाले भी इस शादी में शामिल हुए और उन्होंने भी पूरी तरह से अपनी जिम्मेदारी निभाई।
रणवीर इलाहाबादिया, समय रैना, आशीष चंचलानी, जसप्रीत सिंह और अपूर्व मखीजा के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज की गई है। उन पर आरोप है कि उन्होंने अपने शो में अश्लील और आपत्तिजनक सामग्री को बढ़ावा दिया। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की कई धाराओं के तहत कार्रवाई हो सकती है।