Allu Arjun Family Leave Home: साउथ के सुपरस्टार अल्लू अर्जुन की फिल्म 'पुष्पा 2: द रूल' इस समय सिनेमाघरों में धमाल मचा रही है तो वहीं दूसरी तरफ संध्या थियेटर मामले में अभिनेता की मुश्किलें बढ़ती जा रही है। बता दें कि पुष्पा-2 के प्रीमियर के दौरान संध्या थियेटर में हुई भगदड़ के दौरान महिला की मौत मामले में लोग अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।
वहीं महिला की मौत को लेकर बीते रविवार को प्रदर्शनकारियों ने अल्लू अर्जुन के घर पर हमला बोल दिया, वहीं इस हमले के बाद एक्टर के पूरे परिवार को मजबूरी में अपनी घर छोड़ना पड़ा है।
घर छोड़ने पर मजबूर हुआ अल्लू अर्जुन का परिवार
बता दें कि 22 दिसंबर को, हैदराबाद में अभिनेता अल्लू अर्जुन के घर पर प्रदर्शनकारियों ने हमला किया। ये प्रदर्शनकारी एक महिला, रेवती की मौत के लिए ₹1 करोड़ मुआवजे की मांग कर रहे थे। 4 दिसंबर को फिल्म पुष्पा 2: द रूल के प्रीमियर के दौरान मची भगदड़ में रेवती की मौत हो गई थी और उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हुए थे। हमले के समय अल्लू अर्जुन घर पर नहीं थे, उनकी पत्नी स्नेहा रेड्डी और बच्चे अंदर थे और बाद में बच्चों को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। वहीं सोमवार को अल्लू अर्जुन का पूरा परिवार हैदराबाद के जुबली हिल्स के घर को छोड़ कर कही और रहने के लिए चले गए है।
बीते रविवार को हैदराबाद के जुबली हिल्स में अल्लू अर्जुन के घर पर आठ लोगों हमला किया था। जानकारी के मुताबिक, हमलावर उस्मानिया यूनिवर्सिटी के छात्र थे। हमलावरों ने एक्टर के विरोध के पोस्टर लहराए, अल्लू अर्जुन का पुतला जलाया और उनके घर में लगे गमलों में भी तोड़फोड़ की। वहीं इस हमले के बाद अल्लू अर्जुन के पिता, अल्लू अरविंद ने घर के बाहर मीडिया को संबोधित करते हुए हमले की निंदा की। उन्होंने कहा, "आज जो हमारे घर पर हुआ, वह सभी ने देखा। पुलिस ने हमलावरों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है। मेरे घर के पास पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है ताकि कोई अशांति न फैला सके। इस तरह की घटनाओं को बढ़ावा नहीं देना चाहिए। यह संयम बरतने का समय है। कानून अपना काम करेगा।"