Rajesh Khanna Birthday: जब राजेश खन्ना को 'खून से खत' लिखती थी लड़कियां, 'काका' के बर्थडे पर जानें ये अनोखा किस्सा

Rajesh Khanna Birthday: बॉलीवुड के पहले सुपरस्टार राजेश खन्ना का आज जन्मदिवस है। राजेश खन्ना ने इंडस्ट्री में स्टारडम का अलग ही दौर देखा था। 1969 से 1971 के बीच राजेश खन्ना ने लगातार 17 हिट फिल्में दीं थी। राजेश खन्ना के जन्मदिवस के मौके पर जानते हैं उनसे जुड़ी कुछ किस्सों के बारे में

अपडेटेड Dec 29, 2024 पर 1:37 PM
Rajesh Khanna Birthday: ऐसा कहा जाता है कि कई लड़कियां अपने प्यार का इजहार करने के लिए राजेश खन्ना को खून से लिखे खत भेजती थीं

बॉलीवुड के पहले सुपरस्टार कहे जाने वाले राजेश खन्ना भले ही आज हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन अपनी शानदार फिल्मों के जरिए आज भी लोगों के दिलों में जिंदा हैं। 1960 और 1970 के दौर में लोगों में राजेश खन्ना की दीवानगी का अलग ही आलम था। अपने शानदार करियर के दौरान उन्होंने 150 से अधिक फिल्में में काम किया। राजेश खन्ना ने 1969 से 1971 के बीच लगातार 17 ब्लॉकबस्टर फिल्में दीं, जिसके बाद से उनको हिंदी सिनेमा के पहला सुपरस्टार कहा जाने लगा। यह रिकॉर्ड अभी तक कोई भी एक्टर तोड़ नहीं पाया है। आज राजेश खन्ना का जन्मदिन है।

29 दिसंबर 1942 को जतीन खन्ना के रूप में जन्मे राजेश खन्ना को उनके फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के साथी प्यार से "काका" के नाम से पुकारते थे। राजेश खन्ना अक्सर अपने प्रोफेशनल लाइफ के साथ-साथ निजी जिंदगी को लेकर भी काफी चर्चा में रहा करते थे। ऐसे में एक्टर के जन्मदिन पर जानते हैं उनके बारे में कुछ खास बातें

कब हुआ था राजेश खन्ना का जन्म


बॉलीवुड के पहले सुपरस्टार राजेश खन्ना का जन्म 29 दिसंबर 1942 को अमृतसर में हुआ था। राजेश खन्ना का असली नाम जतिन खन्ना था। राजेश खन्ना को बचपन से ही एक्टिंग का शौक था, वह अपने स्कूल में भी कई नाटकों में अभिनय किया है। जब राजेश खन्ना ने एक्टिंग में जाने का फैसला किया तो उनके चाचा ने उनका जतिन नाम बदलकर राजेश रख दिया था। राजेश खन्ना ने 1966 में चेतन आनंद की फिल्म 'आखिरी खत' से अपना डेब्यू किया था।

एक साथ दिए 17 ब्लॉकबस्टर हिट फिल्में

एक दौर था जब राजेश खन्ना का फिल्म इंडस्ट्री में एक अलग ही रुतबा था। उन्होंने एक से बढ़कर एक कई हिट फिल्मों में काम किया। 1969 से 1971 के बीच महज 3 साल में लगातार 17 ब्लॉकबस्टर फिल्में देकर सभी को हैरान कर दिया। इसी के बाद से वह भारतीय सिनेमा का पहला सुपरस्टार बन गए। राजेश खन्ना ने अपने करियर में जो शोहरत और स्टारडम देखा वह बहुत कम कलाकारों को ही नसीब होता है। एक समय ऐसा भी था जब राजेश खन्ना को सबसे भरोसेमंद सुपरस्टार माना जाता था। उनकी किसी भी फिल्म में मौजूदगी का मतलब उस फिल्म का हिट होना तय था।

राजेश खन्ना ने 'राज', 'औरत', 'बहारों के सपने', 'इत्तेफाक' और 'डोली' जैसी फिल्मों में काम किया। हालांकि, उनकी स्टारडम की असली शुरुआत शक्ति सामंत की फिल्म 'आराधना' से हुई, जिसने उन्हें इंडस्ट्री में एक नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया। राजेश खन्ना ने आनंद, सफर, अंदाज, नमक हराम, आप की कसम, रोटी, और अमर दीप जैसी हिट फिल्में दी।

फैंस में राजेश खन्ना की दीवानगी

एक दौर था जब लड़कियों और लड़को के बीच राजेश खन्ना की दीवानगी का आलम अलग ही था। उस दौर में काका का ऐसा जलवा था कि उस समय जन्मे कई लड़कों का नाम राजेश रखा जाने लगा था। लड़के उनके बोलने, चलने का तरीका और हेयरस्टाइल कॉपी करते थे। वहीं ऐसा कहा जाता है कि कई लड़कियां अपनी मोहब्बत का इजहार करने के लिए राजेश खन्ना को 'खून से लिखे खत' भेजती थीं और उनकी गाड़ियों पर लिपस्टिक के निशान छोड़ जाती थीं। इतना ही नहीं, जिस रास्ते से उनकी कार गुजरती थी, वहां की धूल को उनकी फीमेल फैंस अपनी मांग में भर लिया करती थीं।

राजेश खन्ना बिमार हुए तो फैंस हुए परेशान

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो एक बार राजेश खन्ना को तेज बुखार के कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। जैसे ही यह खबर उनके फैंस तक पहुंची तो सभी ने सुपरस्टार की सलामती के लिए जो कदम उठाए वह लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। कुछ फैन्स ने मंदिरों में जाकर राजेश खन्ना की अच्छी सेहत के लिए विशेष पूजा-अर्चना की तो वहीं कई प्रशंसकों ने उनके स्वास्थ्य के लिए व्रत भी रखा। कुछ लोगों ने राजेश खन्ना के पोस्टर्स पर ठंडे पानी की पट्टियां रखनी शुरू कर दीं। उनका विश्वास था कि ऐसा करने से सुपरस्टार की सेहत में तेजी से सुधार होगा।

गौरतलब है कि साल 2012 में कैंसर से लंबी लड़ाई लड़ते हुए राजेश खन्ना का निधन हो गया था।

बॉलीवुड की 10 सबसे ज्यादा रेटिंग वाली फीमेल लीड फिल्में, जिसे फैंस ने किया सबसे ज्यादा पसंद

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।