पंजाबी सुपरस्टार दिलजीत दोसांझ ने दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा को श्रद्धांजलि दी। रतन टाटा का 9 अक्टूबर, 2024 को निधन हो गया। जर्मनी में परफॉर्म करते समय दिलजीत को टाटा के निधन की खबर मिली। इसके बाद वह स्टेज पर उन्हें याद करते हुए इमोशनल हो गए। कॉन्सर्ट का भावुक कर देने वाला वीडियो सामने आया है। जिसमें वह अपना कॉन्सर्ट बीच में रोक कर रतन टाटा को श्रद्धांजलि और सम्मान देते नजर आ रहे हैं। उनके बारे में कुछ खास बातें भी बताई। साथ ही दिलजीत ने ये भी खुलासा किया कि उन्हें कभी भी रतन टाटा से मिलने का मौका नहीं मिला, लेकिन वो उनको अपना आदर्श मनाते थे।
दिलजीत दोसांझ ने अपने कॉन्सर्ट को बीच में रोककर कहा कि आप सभी रतन टाटा के बारे में जानते हैं। उनका निधन हो गया है। यह मेरी तरफ से उन्हें छोटी सी श्रद्धांजलि है। आज मुझे लगता है कि उनका नाम लेना बहुत जरूरी है। इसकी वजह ये है कि उन्होंने जीवन में हमेशा कड़ी मेहनत की है। मैंने उनके बारे में जो कुछ भी सुना और पढ़ा है। मैंने उन्हें कभी किसी के बारे में कुछ भी गलत बोलते नहीं देखा है।
दिलजीत दोसांझ ने स्टेज से किया रतन टाटा को याद
दिलजीत दोसांझ ने कहा कि आज हमने देश का भारत का रतन' खो दिया है। रतन टाटा को श्रद्धांजलि देते हुए सिंगर स्टेज पर अपने आंसू रोक नहीं पाए और रो पड़े। दिवंगत रतन टाटा के जीवन से मिली सीख के बारे में बात करते हुए दिलजीत ने कहा कि यही जिंदगी है। अच्छा काम किया है, मददगार रहे हैं। यही जीवन है, ऐसा ही होना चाहिए। उनकी तरह पॉजिटिव सोचना चाहिए, मददगार बनना चाहिए और जीवन को पूरी तरह से जीना चाहिए। वो बेदाग अपनी जिंदगी जीकर गए। बता दें कि दिलजीत पिछले कई हफ्तों से अमेरिका और यूरोप में परफॉर्म कर रहे हैं। वह जल्द ही अपना दिल-लुमिनाती टूर भारत में लेकर आएंगे। जिसकी शुरुआत 26-27 अक्टूबर को दिल्ली में दो बैक-टू-बैक शो से होगी।
बॉलीवुड सितारों ने दी रतन टाटा को श्रद्धांजलि
देश के मशहूर उद्योगपति ‘रतन टाटा’ ने 86 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कह दिया। रतन टाटा भारतवर्ष के वास्तविक रत्न थे। उम्र से जुड़ी बीमारी के चलते उन्होंने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में आखिरी सांस ली। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। महान हस्ती के निधन के बाद बॉलीवुड के सितारों ने उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी है और शोक जताया है।