सैफ अली खान के केस में आया नया मोड़, आरोपी शरीफुल के पिता ने बेटे को लेकर किया बड़ा खुलासा

Saif Ali Khan Attack Case: सैफ अली खान पर हमले के आरोप में मुंबई पुलिस ने जिस बांग्लादेशी शख्स को पकड़ा है, अब उसके पिता का बयान आया है। आरोपी हमलावर शरीफुल इस्लाम शहजाद के पिता मोहम्मद रुहुल अमीन ने अपने बेटे को लेकर बड़ा खुलासा किया है

अपडेटेड Jan 24, 2025 पर 4:07 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Saif Ali Khan attack case: मुंबई पुलिस ने केस में बांग्लादेशी शख्स को पकड़ा है

Saif Ali Khan News: बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान पर हमले के आरोपी मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद को 29 जनवरी तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। यह फैसला शुक्रवार 24 जनवरी को बांद्रा मजिस्ट्रेट कोर्ट ने सुनाया। बता दें कि आरोपी की कस्टडी 24 जनवरी को खत्म हो रही थी, जिसके बाद उसे बांद्रा कोर्ट में पेश किया गया। वहीं हमले के बाद सैफ अली खान 6 दिनों तक हॉस्पिटल में भर्ती रहे हैं और अब उन्हें छुट्टी दे दी गई है। वहीं इन सबके बीच सैफ पर हमला करने वाले मोहम्मद शरीफुल के पिता का बड़ा बयान सामने आया है।

आरोपी के पिता ने किया बड़ा दावा

सैफ अली खान पर हमले के आरोपी मोहम्मद शरीफुल के पिता का बयान सामने आने के बाद इस केस में एक नया मोड़ आता दिख रहा है। इस मामले में अब आरोपी हमलावर शरीफुल इस्लाम की पहचान को लेकर सस्पेंस गहराता जा रहा है। हमलावर शरीफुल इस्लाम के पिता मोहम्मद रूहुल अमीन ने न्यूज18 से खास बातचीत में दावा किया है कि, "टीवी पर जिस शख्स को दिखाया जा रहा है, वो उनका बेटा नहीं है."


बेटे को लेकर कही ये बात 

रुहुल अमीन ने बातचीत करते हुए बताया, ‘मेरा बेटा हमेशा छोटे बाल रखता है और पीछे की तरफ कंघी करता है। टीवी पर जिस शख्स की फोटो दिखाई जा रही है, वो किसी भी एंगल से मेरा बेटा नहीं है। 30 साल से उसके बालों का स्टाइल एक जैसा है, फिर अब वो अचानक क्यों बदलेगा?’ रुहुल अमीन का कहना है कि उनका बेटा 6-7 महीने पहले ही भारत गया है। इतने कम समय में वह इतने बड़े इंसान के यहां कैसे घुस सकता है। उन्होंने बताया कि, उनका बेटा बांग्लादेश से अवैध तरीके से भारत आया था, क्योंकि उनके देश में पासपोर्ट बनवाने की इजाजत नहीं है। अमीन के मुताबिक, उनका बेटा 2024 में अप्रैल या मार्च के महीने में भारत आया था।

वहीं पहले भी ऐसी खबर सामने आई थी कि,  सैफ अली खान पर हमला करने वाला आरोपी लूट के पैसे से वह बांग्लादेश भागकर अपनी बीमार मां का इलाज करवाना चाहता था। शरीफुल पहले ठाणे के एक रेस्तरां में हाउसकीपिंग की नौकरी करता था। लेकिन 15 दिसंबर को उसकी नौकरी चली गई, जिसके बाद पैसों की जरूरत की वजह से उसने अपराध का रास्ता चुन लिया।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।