Saif Ali Khan News : बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान को हमले के 6 दिन बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। सैफ अली खान पर बीते हफ्ते हुए हमले के बाद उनका इलाज मुंबई के लीलावती अस्पताल में चल रहा था। वहीं मंगलवार यानी 21 जनवरी को उन्हें हॉस्पिटल से छुट्टी दे दी गई। हॉस्पिटल से छुट्टी के बाद सैफ अली खान को डॉक्टरों ने आराम करने की सलाह दी है। वहीं एक्टर के घर में घुसकर उन पर हमले का आरोपी शरीफुल इस्लाम शहजाद पकड़ा जा चुका है। वह फिलहाल 5 दिन की पुलिस रिमांड पर है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। TOI की खबर के मुताबिक, पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी किसी अमीर के घर में चोरी करना चाहता था। वह तो ये नहीं जानता था कि जिसके घर में वह घुसा है, वह बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान का घर है।
टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि, आरोपी बांग्लादेशी नागरिक शरीफुल इस्लाम शहजाद ने पिछले साल दिसंबर में हाउसकीपिंग की नौकरी भी खो दी थी, जिसके बाद उसके पास पैसे नहीं थे। शहजाद ने सैफ अली खान का घर इसलिए चुना क्योंकि वह बेहद गरीब था और किसी अमीर व्यक्ति का सामान चुराना चाहता था। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि उसने अपराध के बाद बांग्लादेश भागने की भी योजना बनाई थी। रिपोर्ट में एक अधिकारी के हवाले से कहा गया है, "उसने सैफ के घर को बेतरतीब ढंग से चुना। वह बस किसी अमीर व्यक्ति से चोरी करना चाहता था और लूट के पैसे लेकर बांग्लादेश भाग जाना चाहता था, ताकि अपनी बीमार मां की मदद कर सके।"
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि, सैफ अली खान पर हमला करने वाला आरोपी लूट के पैसे से वह बांग्लादेश भागकर अपनी बीमार मां का इलाज करवाना चाहता था। शरीफुल पहले ठाणे के एक रेस्तरां में हाउसकीपिंग की नौकरी करता था। लेकिन 15 दिसंबर को उसकी नौकरी चली गई, जिसके बाद पैसों की जरूरत की वजह से उसने अपराध का रास्ता चुन लिया। पिछले साल सितंबर में ठाणे के रेस्तरां में शामिल होने से पहले शरीफुल वर्ली के एक रेस्तरां में काम करता था, जहाँ उसे 13,000 रुपये प्रति माह मिलते थे। रिपोर्ट में ये भी दावा किया गया है कि पूछताछ के दौरान उसने पुलिस को बताया कि इस राशि में से वह अपनी माँ के इलाज के लिए बांग्लादेश में 12,000 रुपये भेजता था, और सिर्फ़ 1,000 रुपये अपने पास रखता था। शहजाद को वर्ली रेस्तरां में नौकरी से इसलिए निकाल दिया गया था जब उसके पास एक ग्राहक की हीरे की अंगूठी पाई गई थी।
हमले के बाद दो घंटे लॉन में था
शहजाद ने पुलिस को बताया कि उसने अपने आप को छुड़ाने के लिए एक्ठर की पीठ में कई बार चाकू मारा था। हमले के बाद, वह बांद्रा में सैफ अली खान के फ्लैट से भाग गया और इमारत के बगीचे में लगभग दो घंटे तक छिपा रहा। सैफ अली खान पर 16 जनवरी की सुबह उनके घर पर हमला हुआ था और पुलिस ने 19 जनवरी को ठाणे से शहजाद को गिरफ्तार किया था।