Bajrangi Bhaijaan Sequel: 7 जनवरी को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही फिल्म 'RRR' से जुड़े एक खास इवेंट मे शामिल हुए सलमान खान ((Salman Khan) ने बजरंगी भाईजान (Bajrangi Bhaijaan) का सीक्वल बनाने का ऐलान किया है। मुम्बई में हुए 'RRR' के इस खास कार्यक्रम के दौरान सलमान खान, करण जौहर, आलिया भट्ट, जूनियर एनटीआर, रामचरण और 'RRR' फिल्म के डायरेक्टर एस. एस. राजामौली मौजूद थे।
सलमान ने बताया कि इस फिल्म की स्क्रिप्ट S S राजामौली के पिता के.वी. विजयेंद्र प्रसाद (K. V. Vijayendra Prasad) लिखेंगे। उन्होंने ही बजरंगी भाईजान फिल्म लिखी थी जो कि सुपरहिट साबित हुई। बजरंगी भाईजान सलमान खान के करियर की सबसे सुपरहिट फिल्मों में से एक है। अब वह इस फिल्म का सीक्वल बनाने जा रहे हैं जिसका ऐलान उन्होंने कर दिया।
राजामौली के पिता के बारे में बात करते हुए सलमान खान ने अचानक से ये बात सभी को बता दी। सलमान खान ने कहा कि राजामौली के पिता ने उन्हें करियर की बेस्ट फिल्म दी हैं। इसके जवाब में फिल्ममेकर करण जौहर ने पूछा कि क्या आप फिल्म की आधिकारिक तौर पर घोषणा कर रहे हैं तो इस पर सलमान ने कहा- हां करण। आपको बता दें बजरंगी भाईजान ने बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ की कमाई की थी और अब तक की ये बॉलीवुड में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली टॉप 5 फिल्मों की लिस्ट में शामिल है। वहीं, वर्ल्डवाइड फिल्म 500 करोड़ से अधिक की कमाई की थी।
बता दें बजरंगी भाईजान को कबीर खान ने डायरेक्ट किया था। इस फिल्म में उनके साथ करीना कपूर और नवाजुद्दीन सिद्दीकी लीड रोल में नजर आए थे। ये फिल्म 17 जुलाई 2015 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।