सलमान खान की एक्स गर्लफ्रेंड सोमी अली ने लॉरेंस बिश्नोई के गैंग से मिल रही मौत की धमकियों के बीच अभिनेता के बारे में एक नया दावा किया है। सोमी ने दावा किया कि उन्होंने काले हिरण की हत्या के मामले पर सलमान के साथ बातचीत की थी। उन्होंने इस कथित बातचीत के बारे में जानकारी भी साझा की थी। सोमी ने दावा किया कि सलमान को नहीं पता था कि बिश्नोई समुदाय के लिए काले हिरण का क्या महत्व है। उन्होंने यह भी कहा कि उस दिन उन्हें शिकार पर सलमान के साथ जाना था, लेकिन उन्होंने सोमी रोक दिया, क्योंकि उन्हें लगा कि वह शिकार को भगा देंगी।
इंडिया टुडे के मुताबिक, उन्होंने कहा, जिस चीज के बारे में वह नहीं जानते, उसके लिए उन्हें माफी क्यों मांगनी चाहिए? यह अनजाने में हुआ। ये अनजाने में कुछ करना और उसके लिए माफी मांगने के लिए मजबूर होने जैसा है।
उन्होंने कहा, "इसका कोई मतलब नहीं है। यह कोई अहंकार नहीं है। लोग कहते हैं कि वह (सलमान) बहुत घमंडी हैं और उनका रुतबा है। आज मेरा उनसे या उनके परिवार से कोई लेना-देना नहीं है।' मैं नहीं चाहती हूं कि बॉलीवुड या हॉलीवुड में किसी की हत्या न हो। हिंसा कभी भी किसी का जवाब नहीं है।"
शिकार के बारे में सलमान के साथ अपनी बातचीत और उसके बाद हुई हर चीज की कथित डिटेल देते हुए सोमी ने कहा, “बिश्नोई समुदाय को यह समझने की जरूरत है कि सलमान को नहीं पता था। उन्होंने मुझसे कहा कि उन्हें कोई जानकारी नहीं है कि बिश्नोई समाज काले हिरण की पूजा करता है। यह बेतुका है।”
उन्होंने बताया, "मैं आपको आश्वस्त कर सकती हूं कि सलमान को नहीं पता था कि बिश्नोई समुदाय काले हिरणों की पूजा करता है। मैं आउटडोर शूटिंग के दौरान कई बार सलमान के साथ शिकार करती रही हूं। 1998 की शूटिंग के दौरान, वह मुझे नहीं ले गए, क्योंकि उन्होंने कहा था कि 'तुम जान-बूझकर जोर-जोर से शोर करती हो और जानवर भागने लगते हैं।' मुझे खेल की तरह शिकार करना पसंद नहीं है। एक बार जब मैं नहीं गई, तो उन्होंने जानवर को पकड़ लिया था।"
लॉरेंस बिश्नोई से मिलने की कोशिश करेंगी सोमी
सोमी ने कहा कि वह अब भी किसी दिन लॉरेंस बिश्नोई से बात करके उनकी मानसिकता को समझना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि वह नवंबर में भारत में आएंगी और उससे मिलने की तमाम कोशिश करेंगी।
भले ही सोमी अपने एक्स और उनेके परिवार के लिए चिंतित हैं, लेकिन उन्होंने दोहराया कि उनका सुपरस्टार से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा, "मैं मृत्युदंड और हत्या की विरोधी हूं। मुझे सलमान के बारे में उतनी ही चिंता है, जितनी कि सड़क पर चलते किसी आदमी या अपने पड़ोसी को लेकर है।"
उन्होंने आगे कहा, "मैं बातचीत नहीं करना चाहती, सलमान के लिए मेरे मन में फीलिंग्स नहीं हैं। मुझे उनकी परवाह नहीं है, मैं दोबारा उनसे मिलना नहीं चाहती। मैं उनसे कोई पब्लिसिटी नहीं चाहती। मुझे उनका पैसा नहीं चाहिए। मेरे पास अपना पैसा है। सलमान से आखिरी बार मेरी बात 2012 में हुई थी। मैंने कई सालों से उनसे बात नहीं की है। मैं केवल यही चाहती हूं कि किसी की हत्या न की जाए।"
सलमान खान को फिर मिली धमकी
सलमान को दोबारा जान से मारने की धमकी मिलने के कुछ ही दिन बाद उनका यह बयान आया है। शुक्रवार को मुंबई ट्रैफिक पुलिस के WhatsApp नंबर पर दो नए धमकी भरे मैसेज आए, जिसमें अभिनेता सलमान खान से 5 करोड़ रुपए की मांग की गई।
मैसेज में चेतावनी दी गई है कि अगर सलमान पैसे नहीं देते हैं, तो उनका हश्र NCP नेता बाबा सिद्दीकी से भी बदतर होगा, जिनकी हाल ही में हत्या कर दी गई थी।
पिछले कुछ समय से मौत की धमकियों से जूझ रहे सलमान के लिए पहले से ही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था थी। हालांकि, नई धमकियों के बाद, सलमान की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।