सलमान खान (Salman Khan) को ई-मेल के जरिए धमकी (Threat) देने के आरोप में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई (Lawrence Bishnoi), गोल्डी बराड़ (Goldie Brar) और रोहित बराड़ (Rohit Brar) के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। सलमान खान को एक धमकी भरा मेल मिला, जिसके बाद बांद्रा पुलिस स्टेशन में IPC की धारा 506 (2), 120 (B) और 34 के तहत FIR दर्ज की गई। मुंबई में सलमान के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। The Indian Express की रिपोर्ट के अनुसार, ये धमकी हाल ही में तिहाड़ जेल से बिश्नोई के दिए गए एक इंटरव्यू के बाद दी गई। इसमें गैंगस्टर ने दावा किया कि उसकी जिंदगी का मकसद अभिनेता को मारना है।
बांद्रा पुलिस की तरफ से दर्ज की गई FIR के अनुसार, अभिनेता के ऑफिशियल ईमेल एड्रेस पर शनिवार दोपहर को धमकी वाला मेल भेजा गया था। ये मेल किसी मोहित गर्ग की ID से भेजा गया था। इसमें कहा गया, “गोल्डी भाई (गोल्डी बराड़) को बात करनी है, तेरे बॉस सलमान से।"
इसमें आगे कहा गया, "इंटरव्यू देख ही लिया होगा उसने, अगर नहीं देखा हो तो बोल दियो देख लेगा। मैटर क्लोज करना है, तो बात करवा दियो, फेस टू फेस करना हो वो बता दियो। अब समय रहते बता दिया है। अगली बार झटका ही देखने को मिलेगा।"
ABP News के साथ हाल ही में एक इंटरव्यू में, बिश्नोई ने कहा, "उनकी जंदगी का मकसद सलमान खान को मारना है" और कहा कि ये मामला तभी खत्म होगा, जब अभिनेता बिश्नोई समुदाय से काले हिरण को मारने के लिए माफी मांगेंगे।
इसने कहा, “सलमान खान को माफी मांगनी होगी। उन्हें हमारे बीकानेर मंदिर में जाकर माफी मांगनी चाहिए। मेरे जीवन का लक्ष्य सलमान खान को मारना है। अगर सलमान खान की सुरक्षा हटाई गई, तो मैं उन्हें मार डालूंगा।"
गैंगस्टर ने कहा, "अगर वह (सलमान खान) माफी मांग लेते हैं, तो मामला खत्म हो जाएगा। सलमान घमंडी हैं, मूसे वाला भी ऐसा ही था। सलमान खान का अहंकार रावण से भी बड़ा है।"
कुछ दिन पहले बोश्नोई ने दावा किया था कि सलमान ने कथित तौर पर एक काले हिरण को मारकर उनके समुदाय को अपमानित किया है।
उन्होंने ABP News को बताया, “सलमान खान के लिए हमारे समाज में गुस्सा है। उसने मेरे समाज को अपमानित किया। उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था, लेकिन उन्होंने माफी नहीं मांगी। अगर वह माफी नहीं मांगते हैं, तो नतीजा भुगतने के लिए तैयार रहें। मैं किसी और पर निर्भर नहीं रहूंगा।"