Satish Kaushik Death: बॉलीवुड से एक दुखद खबर सामने आई है। जाने-माने एक्टर और डायरेक्टर सतीश कौशिक (Satish Kaushik) का गुरुवार तड़के निधन हो गया। उन्होंने 66 साल की उम्र में इस दुनिया को अलविदा कहा। अभिनेता अनुपम खेर ने ट्वीट कर उनके निधन की जानकारी दी। उन्होंने सतीश कौशिक को श्रद्धांजलि दी है। बता दें, सतीश कौशिक महामारी के दौरान कोविड से संक्रमित भी हुए थे। वो एक्टर होने के साथ-साथ डायरेक्टर, प्रोड्यूसर, कॉमेडियन और स्क्रीन राइटर भी थे। उनकी मौत की खबर से हिंदी फिल्म इंडस्ट्री में मातम पसर गया है। मुंबई में शाम 5 बजे अंतिम संस्कार किया जाएगा।
सतीश कौशिक का जन्म 13 अप्रैल 1956 को हरियाणा में हुआ था। उन्होंने 1972 में दिल्ली के किरोड़ीमल कॉलेज से ग्रेजुएशन किया। उन्होंने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा और फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया से भी पढ़ाई की।
अनुपम खेर ने दी श्रद्धांजलि
अनुपम खेर ने ट्वीट करके अपने सबसे खास दोस्त को खोने का दुख जाहिर किया है। उन्होंने सतीश कौशिक के साथ एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा- जानता हूं 'मृत्यु ही इस दुनिया का अंतिम सच है!' पर ये बात मैं जीते जी कभी अपने जिगरी दोस्त सतीश कौशिक के बारे में लिखूंगा, ये मैंने सपने में भी नहीं सोचा था। 45 साल की दोस्ती पर ऐसे अचानक पूर्णविराम !! Life will NEVER be the same without you SATISH ! ओम् शांति!
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सतीश कौशिक का शव इस समय गुड़गांव के फोर्टिस अस्पताल में रखा गया है। पोस्टमार्टम के बाद आज दोपहर में उनका पार्थिव शरीर उनके मुम्बई स्थित घर लाया जाएगा। फिर यहीं पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
होली सेलिब्रेशन के लिए दिल्ली गए थे सतीश कौशिक
सतीश कौशिक ने मंगलवार को जावेद अख्तर के घर पर हुए होली सेलिब्रेशन में हिस्सा लिया था। इसके बाद वो होली मनाने दिल्ली पहुंचे थे। इसी सेलिब्रेशन के दौरान उन्हें बेचैनी महसूस हुई थी। इसके बाद उन्हें तुरंत फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच की। लेकिन कौशिक को नहीं बचा सके।
मुंबई में होगा अंतिम संस्कार
सतीश कौशिक पार्थिव शरीर दिल्ली से पोस्टमार्टम के रवाना हो गया है। मुंबई के वर्सोवा में अंतिम संस्कार किया जाएगा।
सतीश कौशक को कैलेंडर से मिली पहचान
सतीश कौशिक को 'मिस्टर इंडिया' मूवी में कैलेंडर का किरदार निभाने के बाद पहचान मिली थी। इसके बाद वो कई फिल्मों में साइड रोल में नजर आए। उन्होंने अपनी दमदार एक्टिंग से सभी के दिलों में जगह बना ली। उन्हें 'राम लखन' और 'साजन चले ससुराल' मूवीज के लिए बेस्ट कॉमेडियन का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिल चुका है। वो इस समय कंगना रनौत की मूवी 'इमरजेंसी' में काम कर रहे थे।
कई सुपरहिट फिल्मों का रहे हिस्सा
सतीश कौशिक ने एक्टिंग में साल 1983 में फिल्म जाने भी दो यारों से शुरुआत की थी। इसके अलावा वो ‘मिस्टर इंडिया’ और साजन चले ससुराल, आंटी नंबर वन जैसी कई हिट फिल्मों का हिस्सा रहे।