बॉलीवुड और भारत के सबसे बड़े फिल्मी सितारों में से एक शाहरुख खान (Shahrukh Khan) ने साल 2023 में बॉक्स ऑफिस पर धमाका कर दिया है। इस साल उनकी दो फिल्मों 'पठान' (Pathaan) और 'जवान' (Jawan) ने बॉक्स ऑफिस पर कमाई के सारे रिकॉर्ड्स को ध्वस्त करके रख दिया है। अब उनके फैंस इस साल उनकी तीसरी फिल्म 'डंकी' (Dunki) का बड़ी ही बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
क्या टलेगी डंकी की रिलीज डेट?
राजकुमार हिरानी के निर्देशन में बन रही फिल्म 'डंकी' (Dunki) में शाहरुख खान के साथ तापसी पन्नू भी नजर आएंगी। हालांकि अब बॉक्स ऑफिस पर 'डंकी' का क्लैश 'बाहुबली' स्टार प्रभाष की फिल्म 'सलार' (Salar) से हो सकता है। इस बारे में ट्रेड एक्सपर्ट तरण आदर्श ने जानकारी दी है। तरण आदर्श ने अपडेट देते हुए बताया है कि शाहरुख की डंकी और प्रभास की सलार इस क्रिसमस पर क्लैश हो रही हैं। जिसके बाद ऐसा कहा जा रहा था कि 'डंकी' की रिलीज डेट को आगे खिसकाया जा सकता है।
शाहरुख खान ने कहा नहीं बदलेगी फिल्म की रिलीज डेट
अब खुद शाहरुख खान ने यह कंफर्म कर दिया है कि 'डंकी' की रिलीज डेट को आगे नहीं खिसकाया जाएगा। दरअसल एक फैन ने X पर आस्क एसआरके सेशन में शाहरुख खान से इस बारे में सवाल पूछा था। फैन ने पूछा था कि 'डंकी' की रिलीज डेट फिक्स तो है ना। इस पर एसआरके ने जवाब दिया कि और क्या करूं माथे पे गुदावा लूं!!!! जिसके बाद अब लगभग ऐसा तय हो गया है कि शाहरुख खान और प्रभाष इस साल के अंत में बॉक्स ऑफिस पर टकराने जा रहे हैं।
राजकुमार हिरानी पर क्या बोले शाहरुख
वहीं एक फैन ने जब शाहरुख खान से कहा कि वे राजकुमार हिरानी के लिए क्या कहना चाहेंगे? इस पर शाहरुख ने कहा कि उनके लिए दो शब्द हैं। राजू एक जादू की झप्पी है और एक जादू की पप्पी भी। वहीं एक और फैन के सवाल पर जवाब देते हुए शाहरुख ने कहा कि 'डंकी' बन कर तैयार है और यह बेहद ही खूबसूरत फिल्म है। कुछ-कुछ जिंदगी जैसी है। वहीं एक और फैन ने पूछा कि क्या 'डंकी' में 'पठान' की तरह से ऐक्शन देखने को मिलेगा। इस पर शाहरुख ने कहा कि 'डंकी' पूरी तरह से मजाकिया और इमोशनल फिल्म है। यह राजू सर की दुनिया है। हालांकि मैंने इसमें थोड़ा सा ऐक्शन डाल दिया है। पर पता नहीं राजू सर उस रखते हैं या नहीं। क्योंकि वो इसके एडिटर भी हैं।