अगर आप सिद्धार्थ मल्होत्रा के फैन हैं और आपसे कहा जाए कि उन्हें पैसों की जरूरत है तो आप क्या करेंगे? मुमकिन है कि आप से जितना हो सके उतनी मदद भी करेंगे। लेकिन ऐसा बिल्कुल मत कीजिए। और ये हम नहीं कह रहे हैं बल्कि खुद सिद्धार्थ मल्होत्रा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर लंबा चौड़ा मेसेज लिखकर अपने फैन को यही समझाया है।
सिद्धार्थ मल्होत्रा अपने एक फैन के नुकसान से काफी दुखी है। और वो नहीं चाहते कि दूसरे लोगों के साथ भी ऐसा हो। पूरा मामला ये है कि सिद्धार्थ मल्होत्रा के एक फैन ने ऑनलाइन स्कैम में 50 लाख रुपए गंवा दिए। इस पर सिद्धार्थ मल्होत्रा ने इंस्टाग्राम पर लिखा है, "मुझे पता चला है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के जरिए कुछ स्कैम किए जा रहे हैं। वे प्लेटफॉर्म्स ऐसा दावा कर रहे हैं कि उनसे मेरा संबंध है लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है। मेरे या मेरे परिवार से जुड़ा कोई भी सदस्य फैन बनकर पैसा नहीं मांग रहे हैं।"
इसके साथ ही उन्होंने अपने फैन को भी भरोसा दिलाया है कि ना उन्होंने और ना ही उनकी टीम के किसी सदस्य ने सोशल मीडिया के जरिए किसी से पैसों की मांग की है। अगर आपको भी इस तरह के रीक्वेस्ट मिलते हैं तो उनके खिलाफ अथॉरिटी में शिकायत कीजिए और इसकी जानकारी सबको दीजिए।
उन्होंने अंत में लिखा है, "मेरे फैन, प्रशंसक ही मेरी सबसे बड़ी ताकत हैं। उनका भरोसा और उनकी सेफ्टी मेरी पहली प्रायोरिटी है।" इसके बाद सिद्धार्थ मल्होत्रा के पेज पर कॉमेंट की बाढ़ आ गई। एक फैन ने ये भी लिखा है कि सोशल मीडिया ड्रामा से कोई रिलेशन नहीं होने के बाद भी इतना कुछ कहने के लिए बहुत हिम्मत चाहिए।
एक फैन ने ये भी लिखा है कि सिर्फ सिद्धार्थ मल्होत्रा ही सही मायने में हीरो हैं जो अपने प्रशंसकों का ध्यान रखते हैं। कोई भी ऐसा नहीं करता है। थैंक्यू सर।
जानिए क्या है पूरा मामला?
मीनू वासुदेवन सिद्धार्थ मल्होत्रा के किसी फैन पेज के मेंबर हैं। और उनका कहना है कि वह अमेरिका में रहते हैं। वासुदेवन दावा है कि सिद्धार्थ मल्होत्रा के फैन पेज के एडमिन की वजह से उन्हें 50 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।
वासुदेवन का दावा है कि सोशल पोस्ट में ये दावा किया गया था कि सिद्धार्थ मल्होत्रा की जान उनकी पत्नी कियारा आडवाणी की वजह से मुश्किल में है। और एडमिन ने उनसे पैसों की मांग की थी।