मशहूर तेलुगू सिंगर कल्पना राघवेंद्र ने आत्महत्या की कोशिश की है। उन्होंने नींद की ज्यादा गोलियों का सेवन कर लिया था। फिलहाल हैदराबाद के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। गायिका कल्पना हैदराबाद में केपीएचबी कॉलोनी के पास निजामपेट में रहती हैं। सुरक्षाकर्मियों ने देखा कि उनके घर के दरवाजे दो दिनों से नहीं खोले गए हैं। इसके बाद उन्होंने एसोसिएशन को इस बारे में जानकारी दी। एसोसिएशन के सदस्यों ने फोन करके उनसे संपर्क करने की कोशिश की लेकिन उनकी कोशिश बेकार गई। उनके पति भी फोन करके उनसे संपर्क नहीं कर पाए।
कल्पना ने अपने करियर में रवि तेजा और चिरंजीवी जैसे कई कलाकारों के लिए परफॉर्म किया हैं। कल्पना ने आत्महत्या करने की कोशिश क्यों की, इस बारे में अभी तक कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
दरवाजा तोड़कर कल्पना के घर में हुए दाखिल
एसोसिएशन के सदस्यों ने पुलिस को सूचित किया। इसके बाद पुलिस दरवाजा तोड़कर घर में दाखिल हुई। यहां कल्पना बेहोशी की हालत में थीं। कथित तौर पर उन्होंने नींद की गोलियां खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी। इसके बाद पुलिस उन्हें एक निजी अस्पताल ले गई। कल्पना का अब वेंटिलेटर सपोर्ट पर इलाज चल रहा है। उनके पति चेन्नई में थे और अब हैदराबाद लौट रहे हैं। बता दें कि कल्पना एक सिंगर होने के साथ ही अभिनेत्री, म्यूजिक कंपोजर और सॉन्ग राइटर और डबिंग आर्टिस्ट भी हैं। उन्होंने इल्लैया राजा, एम एस विश्वनाथ, शंकर महादेवन, चित्रा, ए आर रहमान और एस पी बालासुब्रमणियम जैसे कलाकारों के साथ परफॉर्म किया है।
कल्पना के नाम दर्ज हैं कई गाने
बता दें, कल्पना ने तेलुगु में कई गाने गाए हैं। उनके लोकप्रिय ट्रैक में चिरंजीवी अभिनीत 'इंद्रा' का 'अम्मादु अप्पाच्ची नुव्वंतने पिची' और रवि तेजा अभिनीत 'वेंकी' का 'गोंगुरा थोटा काडा कपू काशा' शामिल हैं। उनके दोनों ही गाने सुपरहिट रहे हैं और लोगों ने इन्हें काफी पसंद किया। साल 2010 में रियलिटी शो स्टार सिंगर मलयालम भी कल्पना ने जीता था। कल्पना ने 5 साल की उम्र में अपना गायन करियर शुरू किया और 2013 तक 1,500 ट्रैक रिकॉर्ड किए।