Ranya Rao: कौन हैं एक्ट्रेस रान्या राव...जो एयरपोर्ट से छिपाकर ले जा रही थी 14 किलो सोना, 2 करोड़ कैश भी बरामद

रान्या राव एक वरिष्ठ IPS अधिकारी की सौतेली बेटी हैं और दुबई बार-बार आने जाने के कारण पहले से निगरानी में थीं। जांच में पता चला कि उन्होंने सोना अपने कपड़ों में छिपाया था और कुछ पहन भी लिया था ताकि पकड़ी न जाएं

अपडेटेड Mar 05, 2025 पर 3:08 PM
Ranya Rao : एक्ट्रेस रान्या राव के पास एयरपोर्ट पर 14.8 किलोग्राम सोना भी जब्त किया गया है।

कन्नड़ फिल्म एक्ट्रेस रान्या राव (Ranya Rao) को दुबई से 14.2 किलोग्राम सोने की तस्करी करने के आरोप में बेंगलुरु से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए सोने की कीमत 12.56 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है। कन्नड़ फिल्मों की एक्ट्रेस रान्या राव को राजस्व खुफिया विभाग ने गिरफ्तार किया है। वहीं इस कार्रवाई के बाद राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) अधिकारियों ने लावेल रोड स्थित रान्या राव के घर पर रेड की, जहां वो अपने पति के साथ रहती हैं। रेड के दौरान एक्ट्रेस के घर से 2 करोड़ रुपए का कैश और 2.06 करोड़ रुपये का सोना बरामद किया गया है।

कौन हैं रान्या राव

बता दें कि 31 साल की रान्या कर्नाटक के चिकमंगलूर से हैं। उन्होंने बैंगलोर के दयानंद सागर कॉलेज से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की, लेकिन उनका मन सिनेमा में था। इसी वजह से उन्होंने किशोर नमित कपूर एक्टिंग इंस्टीट्यूट से एक्टिंग की ट्रेनिंग ली और फिल्मों में कदम रखा। रान्या राव ने 2014 में कन्नड़ फिल्म 'माणिक्य' से अपने करियर की शुरुआत की। इस फिल्म का निर्देशन सुदीप ने किया था, जो खुद इसमें मेन रोल में थे। रान्या ने फिल्म में मानसा का किरदार निभाया, जो एक अमीर परिवार की लड़की और सुदीप की प्रेमिका थी। इस फिल्म में उनके एक्टिंग को लोगों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली। इसी फिल्म से रान्या राव ने सिनेमा की दुनिया में कदम रखा।


अपने डेब्यू के बाद रान्या राव ने 2016 में तमिल फिल्म 'वाघा' से एंट्री की, जिसमें उन्होंने विक्रम प्रभु के साथ लीड रोल निभाया। फिर 2017 में वह कन्नड़ फिल्म 'पटकी' में नजर आईं। यह एक कॉमेडी फिल्म थी। इस फिल्म में रान्या ने संगीता नाम की पत्रकार का किरदार निभाया था, जो गणेश के किरदार की प्रेमिका थी।

DRI की थी पहले से नजर

वहीं अब रान्या राव अब एक बड़े विवाद में फंस गई हैं। 4 मार्च 2025 को बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा एयरपोर्ट पर उन्हें सोने की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया। राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) के मुताबिक, वह दुबई से 14.8 किलो सोना लेकर आई थीं। बता दें कि रान्या राव एक वरिष्ठ IPS अधिकारी की सौतेली बेटी हैं और दुबई बार-बार आने जाने के कारण पहले से निगरानी में थीं। जांच में पता चला कि उन्होंने सोना अपने कपड़ों में छिपाया था और कुछ पहन भी लिया था ताकि पकड़ी न जाएं। फिलहाल, उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और यह जांच हो रही है कि वह अकेले तस्करी कर रही थीं या किसी बड़े गैंग का हिस्सा थीं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।