मुंबई से बुधवार की सुबह दुखद खबर सामने आई, जब एक्ट्रेस मलाइका अरोड़ा और अमृता अरोड़ा के पिता अनिल अरोड़ा का निधन हो गया। मुंबई पुलिस के अनुसार, अरोड़ा की मौत कथित तौर पर बांद्रा में अपने मिडराइज अपार्टमेंट की छत से कूदकर आत्महत्या करने से हुई। इस खबर ने बॉलीवुड को हिलाकर रख दिया है। हालांकि, अभी तक इसके पीछे का कारण या कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
अनिल अरोड़ा के शुरुआती जीवन के बारे में बहुत कम जानकारी ही पब्लिक डोमेन में है। उनका जन्म 1950 के आसपास पंजाब के सीमावर्ती शहर फाजिल्का में हुआ था। जात से पंजाबी, अरोड़ा फाजिल्का में पले-बढ़े और 20 साल की उम्र में शहर से बाहर चले गए।
उन्होंने अगले कई सालों तक मर्चेंट नेवी में काम किया। इस नौकरी में उन्होंने दुनिया भर की सैर की। 70 के दशक की शुरुआत में, उन्होंने एक मलयाली कैथोलिक महिला जॉयस पॉलीकार्प से शादी की, जिनसे उनकी दो लड़कियां हुईं - मलाइका और अमृता।
2023 में अनिल अरोड़ा अस्पताल में हुए भर्ती
अनिल अरोड़ा काफी हद तक कम ही लाइम लाइट में रहे, पिछले साल, वह तब खबर में आईं, जब उन्हें मुंबई में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, अरोड़ा परिवार ने उनकी बीमारी के कारण के बारे में बात नहीं की, लेकिन उन्हें कई दिनों तक अस्पताल में ही रखना पड़ा।
अनिल अरोड़ा का पत्नी से हुआ तलाक
मलाइका अरोड़ा ने बताया था कि जब उनके माता-पिता का तलाक हुआ था, तब वह सिर्फ 11 साल की थीं। पिता से अलग होने के बाद, मलाइका और उनकी छोटी बहन अमृता अरोड़ा, जो उस समय सिर्फ 6 साल की थीं, उनका पालन-पोषण उनकी मां ने ही किया।
एक मैगजीन के साथ बातचीत के दौरान, एक बार मलाइका ने अपने माता-पिता के तलाक पर खुलकर बात की थी, जब उन्होंने कहा था, “मेरे माता-पिता के तलाक के बाद मैंने अपनी मां को एक नए और अनोखे नजरिए से देखने शुरू किया। मैंने एक स्थिर कार्य नीति सीखी और पूरी तरह से इंडिपेंडेंट बनने के लिए हर सुबह उठकर वह सब कुछ करने का महत्व सीखा, जो करना जरूरी है।"
अनिल अरोड़ा ने की आत्महत्या
बुधवार को मुंबई पुलिस ने एक बयान जारी कर कहा कि अनिल अरोड़ा ने बांद्रा की एक बिल्डिंग की छत से कूदकर आत्महत्या कर ली, पुलिस की एक टीम मौके पर मौजूद है।
पुलिस ने कहा कि जांच जारी है, लेकिन आत्महत्या के कारण के बारे में कोई जानकारी नहीं है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभी तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। घटना के कुछ देर बाद मलाइका के एक्स हसबैंड अरबाज खान को उनके घर के बाहर भी स्पॉट किया गया।