YouTubers Ranveer Allahbadia and Ashish Chanchalani : कॉमेडियन समय रैना और यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया के India's Got Latent वाले मामले के बाद निशाने पर हैं। देश के कई राज्यों में उनके खिलाफ केस दर्ज हो गया है। यह विवाद तब शुरू हुआ जब रणवीर इलाहाबादिया ने शो में एक बहुत ही आपत्तिजनक सवाल पूछा। सोशल मीडिया पर इससे जुड़ा वीडियो वायरल होने के बाद इस विवाद ने दोनों को कानूनी मुश्किलों में डाल दिया है। इस पूरे विवाद के बाद यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया और आशीष चंचलानी ने इंडियाज गॉट लेटेंट मामले में सोमवार को महाराष्ट्र साइबर सेल मुख्यालय में अपने बयान दर्ज कराए।
बता दें कि 17 फरवरी को साइबर सेल ने इंडियाज गॉट लेटेंट मामले में समन जारी किया था और 24 फरवरी को पूछताछ के लिए बुलाया था। वहीं सोमवार को यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया और आशीष चंचलानी मुंबई साइबर सेल के सामने पेश हुए हैं। जानकारी के मुताबिक दोनों वहां अपना बयान दर्ज करने पहुंचे थे जहां पुलिस ने उनसे 2 घंटे तक पूछताछ की। इलाहाबादिया और चंचलानी को यूट्यूब शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' शो पर कथित रूप से अश्लीलता को बढ़ावा देने के आरोप लगे हैं जिसके बाद मुंबई पुलिस ने दोनों को समन भेजा था। समय रैना के शो में किए गए कमेंट को लेकर पूरे देश में कड़ी आलोचना हुई थी। सुप्रीम कोर्ट ने भी इस टिप्पणी की निंदा की थी।
वहीं राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने भी यूट्यूबर रणवीर, समय रैना और अपूर्वा मुखीजा को समन जारी किया है। नए समन के अनुसार, रणवीर इलाहाबादिय और मुखीजा को 6 मार्च को पेश होने का निर्देश दिया गया है जबकि रैना को 11 मार्च को बुलाया गया है। इससे पहले, एनसीडब्ल्यू ने 17 फरवरी को उनकी सुनवाई निर्धारित की थी, जिसमें विशेष रूप से शो के दौरान रणवीर इलाहाबादिया के कमेंट पर चिंता जताई गई थी।
इस घटना के बाद रणवीर इलाहाबादिया ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश के माफ़ी मांगी थी । हालांकि, इसके बाद भी विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा था और देश भर में उनके खिलाफ़ कई पुलिस शिकायतें दर्ज की गई थीं।
गौरतलब है कि बीयरबाइसेप्स यूट्यूब चैनल चलाने वाले रणवीर अल्लाहबादिया ने हाल ही में में 'इडियाज गॉट लैटेंट' शो में इस महीने की शुरुआत में एक कंटेस्टेंट से बेहद आपत्तिजनक सवाल किया था। कॉमेडियन समय रैना ने रणवीर इलाहाबादिया की टिप्पणी वायरल होने के बाद बयान जारी किया था। इसमें उन्होंने कहा कि उन्होंने इंडियाज गॉट लेटेंट के सभी एपिसोड को हटा दिया है। समय ने इस बात पर भी जोर दिया कि उनका मकसद केवल लोगों का मनोरंजन करना है।