ब्रोकरेज फर्म जेरोधा (Zerodha) के फाउंडर निखिल कामत और बॉलीवुड की फेमस अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती के एक दूसरे को डेट करने की अफवाहों का बाजार गर्म है। मीडिया में चल रही खबर के मुताबिक इससे पहले पूर्व मिस वर्ल्ड मानुषी छिल्लर और निखिल कामत साल 2021 से एक दूसरे को डेट कर रहे थे। हालांकि अब ऐसी अफवाह है कि वे दोनों अलग हो गए हैं और कामत रिया को डेट कर रहे हैं। रिया को हाल ही में अपने कथित बॉयफ्रेंड कामत के साथ एक पार्टी में देखा गया था। वह कार की पिछली सीट पर बैठी, जबकि निखिल आगे की सीट पर बैठे थे। रिया और निखिल को काले रंग में ट्विनिंग करते देखा गया। जहां रिया ने स्टाइलिश ड्रेस पहनी थी वहीं निखिल कैजुअल कपड़ों में जंच रहे थे।
फीफा वर्ल्ड कप में भी साथ देखे गए थे मानुषी और कामत
कथित तौर पर मानुषी और निखिल ने साल 2021 में डेटिंग शुरू की थी। हालांकि दोनों ने ही अपने रिश्ते को निजी ही रखा था। उन दोनों को ही कई बार एक दूसरे के साथ कई सारे जगहों पर यात्रा करते हुए भी देखा गया था। मानुषी और कामत को एक दूसरे के साथ फीफा वर्ल्ड कप के दौरान कतर के लुसैल स्टेडियम में देखा गया था। इसके अलावा वे दोनों ही एक दूसरे के साथ ऋषिकेश में भी देखे गए थे। लगभग उसी समय, यह अफवाह थी कि सुशांत सिंह राजपूत के निधन के ढाई साल बाद रिया चक्रवर्ती को फिर से प्यार मिल गया है। रिया कथित तौर पर सीमा सजदेह के भाई बंटी सजदेह को डेट कर रहीं थी।
9000 करोड़ रुपये से ज्यादा की नेटवर्थ के साथ निखिल कामत भारत के सबसे कम उम्र के अरबपतियों में से एक हैं। उन्होंने 2019 में अमांडा पूर्वांकरा के साथ शादी के बंधन में बंधे, लेकिन उनकी शादी को चुनौतियों का सामना करना पड़ा। आखिरकार, 2021 में, उन्होंने तलाक के लिए दायर करने का फैसला किया, जिससे उनका रिश्ता खत्म हो गया। निखिल के एक करीबी ने News 18 को बयान देते हुए कहा था कि हां, यह सच है कि मानुषी और निखिल कुछ समय से एक-दूसरे को डेट कर रहे थे। लेकिन वे दोनों कुछ महीने पहले, खास तौर पर कहें तो तीन महीने पहले अपने-अपने रास्ते अलग हो गए।