Farmers Protest: किसान एक इंच भी पीछे न हटें, हम आपके साथ हैं- राहुल गांधी

किसानों के आंदोलन से जुड़े सभी बड़े अपडेट्स पढ़ें यहां...

अपडेटेड Jan 29, 2021 पर 11:29 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google

किसान आंदोलन (Farmers Protest) का आज 65वां दिन है और 64वें दिन गाजीपुर बॉर्डर (Ghazipur Border) पर जो हुआ उसे देख कर ये कहा जा रहा था कि शायद अब वहां से जल्द ही अंदोलन खत्म कर दिया जाएगा। ऐसा इसलिए क्योंकि कल दिन से ही वहां लगे टेंट और पंडाल खाली होने लगे। कई लंगर वाले भी अपना सामान भर के वापस जाने लगे। शाम होते होते वहां सिर्फ कुछ ही किसान बचे, लेकिन उसके बाद मंच पर राकेश टिकैत (Rakesh Tikait) का भावुक होना और रातों रात पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कई इलाकों से किसानों का गाजीपुर बॉर्डर पर पहुंचना शुरू हो गया।

वहीं सड़क के दूसरी तरफ से पुलिस प्रशासन के आला आधिकारी और उनके साथ भारी संख्या में सुरक्षाबल भी रातभर सड़क पर ही खड़े रहे। ये कहना गलत नहीं होगा कि कल शाम से रात के बीच एक समय ऐसा भी आया, जब किसानों की संख्या सुरक्षाबलों की संख्या ज्यादा हो गई थी।

दरअसल गाजीपुर बॉर्डर पर स्थिति गंभीर तब हुई, जब किसानों ने कहा कि यहां बीजेपी के कोई विधायक हैं, जो यहां लोगों लेकर आए हैं और वे हंगामा करना चाहते हैं। इसके बाद भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत मंच पर पहुंचे। उनके मंच पर पहुंचने के बाद अचानक से वहां फोर्स आ गई, फोर्स के साथ ADM सिटी भी मौजूद थे।


इसके बाद ADM सिटी मंच पर पहुंचे और राकेश टिकैत के साथ बातचीत हुई, लेकिन अचानक ही राकेश टिकैत ने मंच से काफी आक्रोश में कहा कि कोई गिरफ्तारी नहीं देगा, यहां बीजेपी के लोग दूसरी तरफ पुल के नीचे खड़े हैं। टिकैत ने ADM सिटी को वहां से लौटा दिया, जो उन्हें वहां नोटिस देने के लिए पहुंचे थे। उस नोटिस में किसानों को अल्टिमेटम दिया गया था कि आप जल्द से जल्द यहां से उठ जाएं, नहीं तो प्रशासन को कार्रवाई करनी होगी। हालांकि, रात में गाजीपुर बॉर्डर पर हालत पूरी तरह बदल गए, किसानों का आना फिर से शुरू हो चुका है और रात में जो फोर्स थी, वो भी अब कम हो गई है।

किसान आंदोलन LIVE Updates:

- गाजीपुर बॉर्डर पर पहुंचे योगेंद्र यादव ने मोदी जी और योगी जी और दूसरे सभी ध्यान से सुन लें, किसान अपमानित और बदनाम होकर, इस आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगे। पिछले 72 घंटों में जो षड्यंत्र हुआ है उसको तोड़ने के लिए अगले 72 घंटों में अब हमें सब कुछ ठीक करना है। देश के हर किसान के घर से 1-1 साथी मोर्चे पर पहुचेंगे और मोर्चे को मजबूत करेंगे। 


- हरियाणा सरकार ने कल शाम 5 बजे तक अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, कैथल, पानीपत, हिसार, जींद, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, फतेहाबाद, रेवाड़ी और सिरसा में इंटरनेट सेवाओं को निलंबित कर दिया गया है।


- नए कृषि क़ानूनों और किसान प्रदर्शन पर राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की और कहा कि मैं किसानों से कहना चाहता हूं हम सब आपके साथ हैं। एक इंच पीछे मत हटिए, ये आपका भविष्य है। ये जो 5-10 लोग आपका भविष्य चोरी करने की कोशिश कर रहे हैं, इन्हें मत चोरी करने दीजिए, हम आपकी पूरी मदद करेंगे।  

- फॉरेंसिक सबूत जुटाने के लिए क्राइम  ब्रांच के अधिकारियों के साथ फॉरेंसिक विशेषज्ञों की एक टीम गाजीपुर बॉर्डर (दिल्ली की तरफ) पहुंची है। टीम अलग-अलग स्थानों से सैंपल इकट्ठा कर रही है।

 

;

- अपने आपको स्थानीय निवासी बता रहा लोगों का समूह सिंघु बॉर्डर पर जमा हुआ और बॉर्डर को खाली करने की मांग की, जिसके बाद वहां झड़प हो गई और पुलिस को लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल करना पड़ा।

 

 


- मनीष सिसोदिया ने कहा कि मुझे केजरीवाल जी ने यहां भेजा है। कल रात आपकी बात हुई, उसके बाद उन्होंने यहां पर पानी के टैंकर और दूसरी व्यवस्था कराई। उन्होंने मुझे यहां निरीक्षण करने को कहा था,उन्होंने ये भी कहा है कि और भी कोई जरूरत हो, तो दिल्ली सरकार आपके सेवा के लिए तैयार है।

 

- दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया गाजीपुर बॉर्डर पहुंचे, जहां किसान विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

 

- राष्ट्रीय लोकदल के प्रमुख अजीत सिंह ने भारतीय किसान यूनियन को समर्थन देने की घोषणा की, जिसके सदस्य दिल्ली-गाजियाबाद बॉर्डर पर नए कृषि कानूनों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

- जयंत चौधरी ने कहा कि आज संसद के सत्र का पहला दिन है और ये मुद्दा संसद के अंदर भी उठना चाहिए। अगर सरकार पीछे हटती है तो इससे उनकी कमजोरी नहीं झलकेगी। प्रधानमंत्री सब विषयों पर बोलते हैं, किसान के बारे में भी बोल दें।

- गाजीपुर बॉर्डर पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई, जहां तीनों कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का विरोध प्रदर्शन चल रहा है। RLD नेता जयंत चौधरी BKU के प्रवक्ता राकेश टिकैत और दूसरे किसानों से मिलने के लिए स्थल पर पहुंचे हैं।

- हम प्रदर्शन स्थल खाली नहीं करेंगे, हम पहले अपने मुद्दों पर भारत सरकार से बात करेंगेः राकेश टिकैत, भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता

- दिल्ली पुलिस ने नांगलोई में किसानों के विरोध प्रदर्शन के दौरान 26 जनवरी को कांस्टेबल सोनू से वायरलेस सेट छीनने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी से सेट बरामद कर लिया गया है। पहले भी दिल्ली के कई पुलिस स्टेशनों में उसके खिलाफ 2019 में तीन अलग-अलग मामले दर्ज किए गए थे।

- न्यूज एजेंसी ANI ने दिल्ली पुलिस के सूत्रों के हवाले से बताया कि कई खालिस्तानी ट्विटर अकाउंट दिल्ली पुलिस के रडार पर हैं। ऐसे अकाउंट की पहचान की जा रही है और उनकी सामग्री की जांच की जा रही है। इन अकाउंटों से कई भड़काऊ ट्वीट्स पोस्ट किए गए थे। अधिक जानकारी प्राप्त की जा रही है।

- राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के नेता जयंत चौधरी गाज़ीपुर बॉर्डर पर पहुंचे। कृषि कानूनों के खिलाफ यहां किसानों का विरोध-प्रदर्शन जारी है।

 

- सिंघु बॉर्डर पर भारी संख्या में सुरक्षाबल तैनात किया गया है। कृषि कानूनों के खिलाफ यहां किसानों का विरोध-प्रदर्शन जारी है।

-गाज़ीपुर बाॅर्डर पर किसानों का विरोध प्रदर्शन जारी है। किसान नेता जगतार सिंह बाजवा ने बताया, "हमारे पास अभी ऐसा(प्रदर्शन स्थल खाली करने का) कोई आदेश नहीं आया है। कल शाम को डीएम की तरफ से एक नोटिस आया था, उस पर चर्चा करने के बाद उसका जवाब देंगे।"

- टिकरी बॉर्डर पर बड़ी संख्या में सुरक्षाबल तैनात है। कृषि कानूनों के खिलाफ यहां किसानों का विरोध-प्रदर्शन जारी है।

सोशल मीडिया अपडेट्स के लिए हमें Facebook (https://www.facebook.com/moneycontrolhindi/) और Twitter (https://twitter.com/MoneycontrolH) पर फॉलो करें।


हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।