ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का निधन, CDS बिपिन रावत के साथ हेलीकॉप्टर क्रैश में हुए थे घायल

तमिलनाडु के कुन्नूर में हुए हेलीकॉप्टर क्रैश में इकलौते जीवित बचे ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का बुधवार को निधन हो गया

अपडेटेड Dec 15, 2021 पर 2:14 PM
Story continues below Advertisement
ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह

भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का (Group Captain Varun Singh) बुधवार 15 दिसंबर को बेंगलुरु के एक आर्मी अस्पताल में निधन हो गया। 8 दिसंबर को तमिलनाडु के कुन्नूर में हुए हेलीकॉप्टर हादसे (Helicopter Crash) में वह गंभीर रुप से घायल हो गए, जिसके बाद से उनका इलाज चल रहा था। वह इस हादसे में इकलौते जीवित बचे शख्स थे। इस हेलीकॉप्टर क्रैश में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) बिपिन रावत, उनकी पत्नी और 11 सैन्यकर्मियों की जान चली गई थी।

भारतीय वायुसेना ने बुधवार को एक बयान जारी कर बताया कि 'बहादुर' ग्रुप कैप्टन ने आज सुबह दम तोड़ दिया। वायु सेना ने बताया, "भारतीय वायुसेना को यह बताते हुए बेहद दुख हो रहा है कि बहादुर ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह, जो 8 दिसंबर 2021 को हुए हेलीकॉप्टर हादसे में घायल हो गए थे, उनका आज सुबह निधन हो गया। भारतीय वायुसेना गहरी संवेदना व्यक्त करती है और शोक में डूबे उनके परिवार के साथ दृढ़ता से खड़ी है।"

15 अगस्त को मिला था शौर्य चक्र

बता दें कि पिछले साल एक बड़ी तकनीकी खामी की चपेट में आए लड़ाकू विमान तेजस को संभावित दुर्घटना से सफलतापूर्वक बचा लेने के उत्कृष्ट कार्य के चलते ग्रुप कैप्टन सिंह को इस साल 15 अगस्त को शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया था।


राष्ट्र के लिए उनकी सेवा को कभी भुलाया नहीं जा सकता: PM मोदी

ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि राष्ट्र के लिए उनकी सेवा को कभी भुलाया नहीं जा सके। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया, "ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह ने गर्व, पराक्रम और अत्यंत पेशेवराना अंदाज में देश की सेवा की है। उनके निधन से मुझे अत्यंत दुख पहुंचा है। राष्ट्र के लिए उनकी समृद्ध सेवा को कभी भी भुलाया नहीं जा सकता है। उनके परिवार और मित्रों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। ओम शांति।’

हेलीकॉप्टर क्रैश में में जान गवाने वालों में रावत और उनकी पत्नी के अलावा ब्रिगेडियर एल. एस. लिद्दर, लेफ्टिनेंट कर्नल हरजिंदर सिंह, विंग कमांडर पी. एस. चौहान, स्क्वॉड्रन लीडर के. सिंह, जेडब्ल्यूओ दास, जेडब्ल्यूओ प्रदीप ए., हवलदार सतपाल, नायक गुरसेवक सिंह, नायक जितेंद्र कुमार, लांस नायक विवेक कुमार, लांस नायक साई तेजा शामिल हैं। ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के निधन के बाद इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है।

रक्षामंत्री-गृहमंत्री ने दी श्रद्धांजलि

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने लिखा– ‘IAF पायलट, ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के निधन के बारे में जान कर बहुत दुख हुआ। वह सच्चे योद्धा थे जो अंतिम सांस तक लड़ते रहे। दुख की इस घड़ी में हम परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं। वहीं गृह मंत्री अमित शाह ने लिखा– ‘कुन्नूर में हेलीकॉप्टर दुर्घटना में घायल ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के निधन के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। ईश्वर योद्धा की आत्मा को शांति दे और उनके परिवार को शक्ति प्रदान करे। मै गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। ओम शांति शांति शांति.’

राहुल गांधी ने दी श्रद्धांजलि

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लिखा- "ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह के परिवार और मित्रों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। यह देश के लिए दुखद क्षण है। इस दुख में हम सब आपके साथ हैं।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।