Himachal Rain Update: हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से सामान्य जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बुधवार को हुई तेज बारिश के बाद राज्य में 12 और लोगों ने अपनी जान गंवा दी। वहीं 400 से ज्यादा सड़कें ब्लॉक हो गई हैं। कई अपने लोग आशियाने टूटने से रातोंरात बेघर हो गए। मौसम विभाग ने बुधवार को हिमाचल के 12 में से 6 जिलों में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया था। आने वाले 24 घंटे प्रदेश के लिए मुसीबतें बढ़ाने वाले हैं।
कुल्लू और मंडी जिले में बारिश की वजह से सड़कें टूट गई हैं। सड़कों की खराब हालत की वजह से कुल्लू में 10 किमी लंबा जाम लगा हुआ है। कुल्लू में लगभग 5-10 किमी का रास्ता बेहद खराब स्थिति में है। मंडी में हुई भारी बारिश की वजह से सड़कें जरजर हालत में पहुंच गई हैं। मंडी और कुल्लू को कनेक्ट करने वाली सड़क पर लोग बहाली की उम्मीद में अभी भी फंसे हुए हैं।
कुल्लू की SP साक्षी वर्मा ने बुधवार को अपडेट देते हुए कहा कि कुल्लू और मंडी को जोड़ने वाले रास्ते भारी बारिश की वजह से खराब हो गए हैं। पंडोह से होकर गुजरने वाला दूसरा रास्ता भी बंद पड़ा है जिसे PWD बहाल करने में जुटी हुई है। सोशल मीडिया पर सामने आई एक वीडियो में आदमी ने बताया कि जाम 5-10 किमी लंबा है। उनके पास ना ही कुछ खाने को है ना ही पीने को है। मंगलवार से जारी भारी बारिश की वजह से 12 लोगों ने प्रदेश भर में अपनी जान गंवा दी। मंडी लैंडस्लाइड और शिमला में बिजली गिरने की वजह से कुछ लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। मंडी के सिराज और सराची एरिया में बादल फटने से 5 लोगों की मौत हुई है। इस महीने हुई 120 मौतों के बाद मौत का आंकड़ा 238 के पार हो गया है। 709 सड़कों को अभी भी बंद रखा गया है।
बुधवार को भी कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने गुरुवार को ऑरेंज अलर्ट जारी कर भारी से अति भारी बारिश का अंदेशा जताया है। मंगलवार और बुधवार को हुई बारिश में शिमला में 201mm, बिलासपुर में 181mm, मंडी में 160mm और सोलन में 122mm बारिश दर्ज की गई। शिमला की हालत बेहद खराब है। लैंडस्लाइड का दौर अभी भी जारी है वहीं कुछ घरों में दरारें भी देखने को मिली हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आपदाओं से भरे इस वक्त पर लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।