IMD Weather Forecast: भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अपने एक आधिकारिक बयान में तमिलनाडु तट और पुडुचेरी के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। IMD ने कहा है कि तमिलनाडु, पुडुचेरी और करईकल में आज से लेकर अगले दो दिनों तक मूसलाधार बारिश होने का अनुमान है।
बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में बना कम दबाव वाला क्षेत्र गुरुवार सुबह तमिलनाडु के उत्तरी तट की तरफ बढ़ते समय एक बेहद निम्न दबाव वाले क्षेत्र में तब्दील हो गया, जिससे वहां 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।
मौसम विभाग के अनुसार, इसके अगले 24 घंटे में और भी निम्न दबाव वाले क्षेत्र में बदलने का अनुमान है और अगले 48 घंटे के दौरान यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की तरफ श्रीलंका के पूर्वी तट के साथ-साथ उत्तरी तमिलनाडु तट की ओर बढ़ सकता है।
विभाग के मुताबिक, सुबह करीब साढ़े पांच बजे दबाव क्षेत्र बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम के अलावा भूमध्यरेखीय हिंद महासागर से सटे त्रिंकोमाली (श्रीलंका) से लगभग 470 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पूर्व में, नागपट्टिनम (तमिलनाडु) से करीब 760 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पूर्व में, पुडुचेरी से 870 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पूर्व में और चेन्नई से लगभग 950 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण पूर्व में केंद्रित था।
- IMD ने कहा है कि शुक्रवार और शनिवार को पश्चिम-मध्य तथा उससे सटी दक्षिण-पश्चिम खाड़ी और उत्तरी तमिलनाडु तथा आंध्र प्रदेश के तटों पर 45-55 किलोमीटर प्रति घंटे से लेकर 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने और मौसम खराब रहने की आशंका है।
- मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को उत्तरी तमिलनाडु और दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तटों पर 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे से लेकर 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। विभाग के अनुसार, शुक्रवार को तटीय तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने, जबकि शनिवार को कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने का अनुमान है।
- विभाग ने तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की है और मछुआरों को दक्षिण बंगाल की खाड़ी तथा उससे सटे हिंद महासागार, मन्नार की खाड़ी और कोमोरिन इलाके में पांच मार्च तक समुद्र में न उतरने को कहा है।
- आईएमडी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के अलग-अलग इलाकों में शुक्रवार को गरज एवं बिजली के साथ व्यापक रूप से बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है।
- आधिकारिक बयान में यह भी उल्लेख किया गया है कि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और आसपास के मैदानी इलाकों में आज बारिश की संभावना है। इसके अलावा छह से आठ मार्च के दौरान एक और ताजा बारिश हो सकती है और छह मार्च को जम्मू-कश्मीर में भी भारी बारिश की संभावना है।
- अगले 24 घंटों के दौरान पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में छिटपुट हल्की बारिश होने की संभावना है। आधिकारिक बयान के अनुसार, 04 मार्च को हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली और राजस्थान में तेज हवाएं (25-35 किमी प्रति घंटे की गति) और उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों के अधिकांश हिस्सों में प्रबल होने की संभावना है।