IMD Weather Forecast: पूरे उत्तर भारत में इस समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है। दिल्ली में मौसम रोज नए मोड़ ले रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में अगले कुछ दिनों में मौसम में बड़े बदलाव की भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग का कहना है कि जनवरी में राजधानी में अभी और बारिश होनी बाकी है।
बारिश से पहले कोहरे की घनी चादर रहेगी। 22 और 23 जनवरी को जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। कुल मिलाकर अगले दो दिन मौसम अभी अलग-अलग रंग दिखाएगा।
अगले दो दिन इन राज्यों में होगी बारिश
भारत मौसम विभाग (IMD) ने आने वाले दो दिनों में पश्चिमी हिमालय, जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी का अनुमान जताया है। यह मौसम परिवर्तन दो पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से हो रहा है, जो इन क्षेत्रों में मौसम को प्रभावित करेंगे। इन विक्षोभों के कारण पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में भारी बर्फबारी की संभावना है। वहीं अन्य पहाड़ी इलाकों में बारिश हो सकती है।
दिल्ली-NCR में बढ़ेगी ठिठुरन
इसके साथ ही, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली एनसीआर और उत्तर राजस्थान में 22 और 23 जनवरी को हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में बारिश के साथ-साथ तापमान में गिरावट भी हो सकती है, जो सर्दी को बढ़ा सकती है। इसके अलावा, पंजाब, हरियाणा, उत्तर राजस्थान और मध्य प्रदेश में घना और बहुत घना कोहरा भी रहने की संभावना है। यह कोहरा सर्दी में और भी वृद्धि कर सकता है और दृश्यता को प्रभावित कर सकता है, जिससे सड़कों पर वाहन चालकों को सावधानी बरतने की जरूरत होगी।
IMD के वैज्ञानिक डॉ. नरेश कुमार ने बताया कि इस मौसम परिवर्तन के कारण कश्मीर घाटी और अन्य पहाड़ी क्षेत्रों में खासकर पर्यटन पर भी असर पड़ सकता है। बर्फबारी के कारण यातायात प्रभावित हो सकता है और यात्रीगण को यात्रा करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।