Indian Railways: भारतीय रेलवे जल्द ही तीर्थयात्रियों के लिए एक स्पेशल ट्रेन चलाने की तैयारी में है। यह ट्रेन उत्तर प्रदेश के अयोध्या से पड़ोसी देश नेपाल के जनकपुर (Janakpur) तक जाएगी। भारत गौरव डीलक्स एसी टूरिस्ट ट्रेन (Bharat Gaurav Deluxe AC Tourist Train) के जरिए तीर्थयात्री नंदीग्राम, सीतामढ़ी, काशी और प्रयागराज की यात्रा कर सकते हैं। यह ट्रेन इसी साल 17 फरवरी से चलेगी। इससे दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को बढ़ावा मिलेगा। इस तीर्थयात्रा को "श्री राम-जानकी यात्रा" (Shri Ram-Janaki Yatra) कहा जा रहा है। इसमें अयोध्या से नेपाल के जनकपुर तक की यात्रा कर सकते हैं। यह 7 दिन की यात्रा होगी।
अयोध्या, सीतामढ़ी और प्रयागराज में दिन में रुकने की व्यवस्था की गई है। वहीं जनकपुर और वाराणसी में एक रात होटल में रुकना होगा। कुछ यात्रा बस के जरिए भी की जाएगी। पूरे रूट का किराया 39,775 रुपये प्रति व्यक्ति है।
इन मंदिरों के होंगे दर्शन
भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन की यात्रा भगवान राम की जन्मभूमि से शुरू होगी। जिसमें पर्यटक श्री राम जन्मभूमि मंदिर और हनुमान मंदिर के दर्शन करेंगे। इसके साथ ही नंदीग्राम में भरत मंदिर के दर्शन कर सकेंगे। अयोध्या के बाद, ट्रेन बिहार के सीतामढ़ी रेलवे स्टेशन जाएगी और पर्यटक बस से नेपाल के जनकपुर जाएंगे। यह सीतामढ़ी रेलवे स्टेशन से 70 किमी दूर है। जनकपुर में ठहरने के दौरान तीर्थयात्री राम जानकी मंदिर, सीता राम विवाह मंडप और धनुष धामके दर्शन करेंगे। जनकपुर के बाद अगले दिन तीर्थयात्री वापस सीतामढ़ी लौटेंगे। फिर सीतामढ़ी और पुनौरा धाम स्थित जानकी मंदिर के दर्शन करेंगे। सीतामढ़ी से रात में ट्रेन वाराणसी के लिए रवाना होगी। काशी में टूरिस्ट सारनाथ, काशी विश्वनाथ मंदिर और गलियारा (corridor), तुलसी मंदिर और संकट मोचन हनुमान मंदिर जाएंगे।
तीर्थयात्री बस से वाराणसी से प्रयागराज जाएंगे। संगम, शंकर विमान मंडपम, हनुमान मंदिर और भारद्वाज आश्रम जाएंगे। प्रयागराज के बाद ट्रेन अपने सफर के 7वें दिन वापस दिल्ली लौटेगी। इस दौरे में मेहमान लगभग 2500 किलोमीटर की यात्रा करेंगे।
ट्रेन में 4 फर्स्ट एसी कोच, दो सेकंड एसी कोच लगाए गए हैं। इसमें पैंट्री कार और दो रेल रेस्टोरें भी बनाए गए हैं। इसमें 156 तीर्थयात्री सवार हो सकते हैं। हर एक कोच में सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा गार्ड तैनात रहेंगे। पूरी ट्रेन में इंफोटेनमेंट सिस्टम भी लगाया गया है। IRCTC ने इस 7 दिनों की यात्रा के लिए प्रति व्यक्ति किराया 39,775 रुपये तय किया है। इस टूर पैकेज की कीमत में रेल किराया के अलावा शाकाहारी भोजन, बस और ट्रेन से यात्रा शामिल है। इसमें होटलों में ठहरने की व्यवस्था, गाइड और इंश्योरेंस जैसी तमाम सुविधाएं मुहैया कराई गई हैं।
किश्तों में चुकाएं किराया
तीर्थयात्रियों के लिए IRCTC किश्तों में किराया चुकाने का विकल्प भी मुहैया कराया है। यात्री 3,6,9,12,18 और 24 महीनों की किश्तों में पैसे चुका सकते हैं।