एक बार फिर फ्लाइट में बम रखे जाने की धमकी मिली। एयरपोर्ट के एक अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि सऊदी अरब से आई इंडिगो की एक फ्लाइट को बम की धमकी के बाद मंगलवार को उसे जयपुर में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। विमान ने सऊदी अरब के दम्मम एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी और इसे लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरना था। अधिकारी ने बताया कि इसे इमरजेंसी लैंडिंग के लिए जयपुर की ओर मोड़ दिया गया।
अधिकारी ने बताया कि विमान एयरपोर्ट के आइसोलेशन बे में है और सिक्योरिटी चेक चल रहा है। खबर लिखे जाने तक बम में कुछ संदिग्ध नहीं मिला था और विमान के अंदर छानबीन चल रही थी।
एक बयान में, इंडिगो ने कहा, "हम दम्मम से लखनऊ की फ्लाइट 6E-98 से जुड़ी स्थिति से अवगत हैं। हमारे यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और हम संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहे हैं और सभी जरूरी गाइडलाइंस के अनुसार सावधानियां बरत रहे हैं।"
एयर इंडिया की फ्लाइट में बम की मिली थी धमकी
इससे पहले दिन में दिल्ली से शिकागो जा रहे एअर इंडिया के एक विमान को मंगलवार को बम की धमकी के बाद कनाडा के एक एयरपोर्ट की ओर मोड़ दिया गया। एअरलाइन के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
एअरलाइन ने एक बयान में कहा कि 15 अक्टूबर, 2024 को दिल्ली से शिकागो के लिए फ्लाइट नंबर AI 127 ऑनलाइन पोस्ट की गई सुरक्षा धमकी के बाद एहतियात के तौर पर कनाडा के इकालुइट हवाई अड्डे पर उतर गई है।
बयान में कहा गया, "निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार विमान और यात्रियों की फिर से जांच की गई। एअर इंडिया ने यात्रियों की यात्रा फिर से शुरू होने तक उनकी सहायता के लिए हवाई अड्डे पर एजेंसियों को सक्रिय कर दिया था।"
अधिकारी ने बताया कि इस उड़ान में बम रखे होने की धमकी मिली।
एयर इंडिया की फ्लाइट की अयोध्या में इमरजेंसी लैंडिंग
उससे पहले आज ही एअर इंडिया एक्सप्रेस के एक विमान को मंगलवार को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जिसके बाद उत्तर प्रदेश के अयोध्या एयरपोर्ट पर विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
हवाई अड्डे के निदेशक विनोद कुमार ने आपातकालीन लैंडिंग की पुष्टि करते हुए बताया कि विमान जयपुर से आ रहा था।
अयोध्या धाम स्थित महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कमर्शियल फ्लाइट का ऑपरेशन इस साल की शुरुआत में चालू किया गया था।