चीन की होम अप्लायंसेज कंपनी हायर (Haier) के कार्यालयों में इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के अधिकारियों ने छापेमारी की है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी के मुंबई, पुणे और नोएडा ऑफिस में छापेमारी चल रही है। इसके साथ ही कंपनी के प्रमोटरों के परिसरों की तलाशी भी ली जा रही है। कंपनी और इसके प्रमोटरों पर इनकम और रॉयल्टी पेमेंट की पूरी जानकारी नहीं देने और कर की चोरी करने का आरोप है। एक मीडिया रिपोर्ट में यह दावा किया गया है, हालांकि मनीकंट्रोल इस रिपोर्ट की पुष्टि नहीं करता है।
28 जुलाई को शुरू हुई तलाशी
एक अधिकारी ने इकोनॉमिक टाइम्स को बताया, "यह छापेमारी आय कम बताने और रॉयल्टी भुगतान में गड़बड़ी से संबंधित है।" उन्होंने कहा कि 28 जुलाई को शुरू हुआ तलाशी अभियान खत्म होने के बाद इस बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी। सूत्रों ने बताया कि तलाशी अभियान देर शाम तक जारी रहा और टैक्स अधिकारी एक और दिन तक तलाशी जारी रख सकते हैं। अधिकारी ने कहा कि टीम बुक्स की जांच कर रही है और आगे की जांच के लिए लैपटॉप और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड कलेक्ट किए हैं।
चीनी कंपनियों की हो रही है जांच
टैक्स अधिकारी रॉयल्टी भुगतान के नाम पर टैक्स चोरी पर कड़ी नजर रख रहे हैं। खासकर चीनी कंपनियों पर नजर रखी जा रही है। रिपोर्ट में इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (Meity) द्वारा संसद में प्रस्तुत आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा गया है कि केंद्र ने अप्रैल 2017 से चीनी मोबाइल हैंडसेट निर्माता द्वारा 9075 करोड़ रुपये की कर चोरी का पता लगाया, जिसमें से आईटी विभाग ने 1630 करोड़ रुपये की वसूली की। टैक्स अधिकारी कस्टम ड्यूटी और गुड्स एंड सर्विस टैक्स (जीएसटी) चोरी के लिए चीनी मोबाइल कंपनियों की भी अलग से जांच कर रहे हैं।