Neelachal Express: नीलांचल एक्सप्रेस पर बिजली का तार गिरने से 40 यात्री झुलसे, 1 की मौत

Neelachal Express: आधार कार्ड के आधार पर गंभीर रूप से घायल दो यात्रियों की पहचान उत्तर प्रदेश के रायबरेली निवासी रामशंकर चौधरी और राहुल कुमार पटेल के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के बाघमुंडा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। घायलों के परिजनों से संपर्क स्थापित करने की कोशिश की जा रही है

अपडेटेड Jun 01, 2024 पर 2:27 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Neelachal Express: अधिकारियों ने अभी यात्री के मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है

Neelachal Express: झारखंड में चांडिल-मुरी रेलखंड पर सुईसा-तिरुलडीह स्टेशनों के बीच शनिवार (1 जून) सुबह नीलांचल एक्सप्रेस ट्रेन पर ओवरहेड बिजली का तार गिरने से बड़ा हादसा हो गया। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नीलांचल एक्सप्रेस पर अचानक हाईटेंशन तार गिरने से करीब 40 यात्री झुलस गए और 1 यात्री की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रेलवे का बिजली का तार ट्रेन पर गिरने से यह हादसा हुआ।

सभी घायलों को बागमुंडी अस्पताल भेजा गया है। सूचना मिलते ही रेलवे की बचाव टीम मौके के लिए रवाना हो गई है। वहीं, घटना के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके के लिए रवाना हो गए हैं।

आधार कार्ड के आधार पर गंभीर रूप से घायल दो यात्रियों की पहचान उत्तर प्रदेश के रायबरेली निवासी रामशंकर चौधरी और राहुल कुमार पटेल के रूप में हुई है। दोनों को इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के बाघमुंडा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। घायलों के परिजनों से संपर्क स्थापित करने की कोशिश की जा रही है। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल के सीनियर डीसीएम ए.आर. चौधरी ने बताया कि नीलांचल एक्सप्रेस ट्रेन की एक बोगी के दरवाजे के पास दो यात्री लटके हुए थे। इसी बीच एक तार आकर उनके ऊपर गिरा, जिससे वे घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए हॉस्पिटल ले जाया गया है। इस दौरान इलाज के दौरान एक यात्री की मौत हो गई।


न्यूज एजेंसी IANS के मुताबिक, हादसा सुबह करीब आठ बजे हुआ। जानकारी मिलते ही रेलवे के चक्रधरपुर मंडल की ओर रेस्क्यू टीम रवाना की गई, जिसने मौके पर पहुंचकर दोनों घायल यात्रियों को हॉस्पिटल पहुंचाया। सीनियर डीसीएम ने कहा कि इसकी जांच कराई जा रही है कि तार वहां चल रहे डेवलपमेंट कार्य के कारण पहले से लटक रहा था या फिर चलती ट्रेन पर टूटकर गिरा है। उन्होंने कहा कि अगर किसी की लापरवाही से यह हादसा हुआ है, तो जिम्मेदारी तय कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- Lok Sabha Chunav: काशी में एक ही सवाल-इस बार प्रधानमंत्री मोदी की जीत कितने वोटों से होगी? जानिए वोट यात्रा में कैसा दिखा माहौल

इस हादसे के बाद इस रूट से गुजरने वाली कई ट्रेनों को तत्काल रोक दिया गया। कुछ ट्रेनों को डायवर्ट कर दूसरे रूट से रवाना किया गया है। नीलांचल एक्सप्रेस करीब एक घंटे तक खड़ी रही जिससे यात्री काफी परेशान रहे। जांच के बाद ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया गया। दो जख्मी लोगों के अलावा ट्रेन से यात्रा कर रहे सभी लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।