लाखों कैंडिडेट्स के इंतजार की घड़ी आखिरकार आज (23 अगस्त) खत्म हो गई। हीनों की प्रतीक्षा के बाद आज यानी 23 अगस्त 2024 दिन शुक्रवार से उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल परीक्षा शुरू हो गई है। यह परीक्षा 31 अगस्त तक अलग-अलग दिन दो पालियों में कराई जाएगी। शुरुआती दिनों की परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड भी रिलीज कर दिए गए हैं। करीब 48 लाख से ज्यादा परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा का आयोजन यूपी पुलिस भर्ती बोर्ड की ओर से किया जा रहा है। परीक्षा में शामिल होने वाले कैंडिडेट आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर जाकर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। इस बारे में गाइडलाइंस भी जारी कर दी गई है।
गाइडलाइंस में कहा गया है कि किसी भी स्थिति में परीक्षा शुरू होने के आधा घंटे पहले केंद्र में एंट्री बंद कर दी जाएगी। सारी प्रक्रिया परीक्षा शुरू होने से आधा घंटे पहले पूरी हो जाएंगी। किसी भी वजह से देरी हुई तो कम से कम परीक्षा शुरू होने से आधे घंटे पहले केंद्र पहुंच जाएं। नहीं तो प्रवेश नहीं मिलेगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी कैंडिडेट की होगी।
एडमिट कार्ड के साथ इन चीजों पर लगी रोक
परीक्षा केंद्र पर अपनी पहचान की पुष्टि के लिए उम्मीदवारों को फोटो पहचान के रूप में आधार कार्ड ले जाना होगा। जिसमें पूरी 12 अंकों की संख्या अंकित हो। इसके अलावा कोई अन्य पहचान पत्र स्वीकार नहीं किया जाएगा। वहीं जिन उम्मीदवारों ने आवेदन के समय आधार कार्ड की डिटेल्स नहीं दी थी। उन्हें कोई दूसरा वैलिड आईडी प्रूफ ले जाना होगा। वहीं अपने साथ किसी भी तरह का कोई सामान जैसे पेंसिल बॉक्स, पेन ड्राइव, कैलकुलेटर, क्रेडिट/डेबिट कार्ड, कैलकुलेटर, ब्लूटूथ, स्मार्च वॉच, हेल्थ बैंड, कोई भी छोटा-बड़ा इलेक्ट्रॉनिक आइटम, किसी तरह की पढ़ने-लिखने का सामान, कैप, गॉगल्स, खआने का कोई सामान, गुटखा, सिगरेट, माचिस आदि न रखें। इन चीजों पर रोक लगाई गई है।
सुरक्षा के होंगे पुख्ता इंतजाम
इस बार सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं। ऐसे में सभी कैंडिडेट्स को सलाह दी गई है कि किसी भी तरह के बहकावे में न आएं। पेपर लीक जैसी चीजों से दूर रहें। साथ ही किसी को अपनी जगह पेपर देने भेजने जैसी गलती भी न करें। नोटिस में साफ लिखा है कि कैंडिडेट की तस्वीर का मिलान एआई से किया जाएगा, तकनीकी तौर पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
OMR सीट पर न करें ऐसी गलती
यूपी कांस्टेबल परीक्षा ऑफलाइन ओएमआर शीट पर लिया जाएगा। ओएमआर में अपने उत्तर के विकल्प को केवल नीले या काले बॉल प्वाइंट पेन से भरें। उत्तर बदलने के लिए व्हाइटर/इरेजर/ब्लेड आदि का इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं है।
डीजी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड राजीव कृष्ण ने बताया कि कैंडिडेट्स के लिए रोडवेज बसों में किराया नहीं लगेगा। ज्यादातर परीक्षा केंद्र शहरी क्षेत्रों में ही बनाए गए हैं। हेल्प लाइन नंबर जारी किया गया है। परीक्षा केंद्रों पर 17,000 CCTV कैमरे लगाए गए हैं। 25,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।