करण भूषण सिंह ने माना, उनके ही काफिले की गाड़ी से हुआ था हादसा, टक्कर लगने से दो की गई जान

करण ने गुरुवार को मीडिया से कहा कि वो एक कार्यक्रम के लिए भैरच जा रहे थे, तभी चार गाड़ियों में से आखिरी टोयोटा फॉर्च्यूनर कथित तौर पर दुर्घटना का शिकार हो गई। करण ने कहा कि घटना के वक्त वो घटनास्थल से करीब 4-5 किलोमीटर दूर थे

अपडेटेड May 30, 2024 पर 5:38 PM
करण भूषण सिंह ने माना, उनके ही काफिले की गाड़ी से हुआ था हादसा

बीजेपी के लोकसभा उम्मीदवार करण भूषण सिंह ने गुरुवार को पुष्टि की कि बुधवार को गोंडा जिले में सड़क दुर्घटना में शामिल एक गाड़ी, जिसने दो लोगों को कुचल दिया, वो उनके ही काफिले का हिस्सा थी। हालांकि, उन्होंने जोर देकर कहा कि उन्हें दुर्घटना के बारे में बहुत बाद में बताया गया था। इस हादसे में एक व्यक्ति घायल भी हुआ।

करण ने गुरुवार को मीडिया से कहा कि वो एक कार्यक्रम के लिए भैरच जा रहे थे, तभी चार गाड़ियों में से आखिरी टोयोटा फॉर्च्यूनर कथित तौर पर दुर्घटना का शिकार हो गई। करण ने कहा कि घटना के वक्त वो घटनास्थल से करीब 4-5 किलोमीटर दूर थे।

BJP के उम्मीदवार हैं करण भूषण सिंह


करण भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के पूर्व प्रमुख और कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह के बेटे हैं, जिन पर पिछले साल देश के शीर्ष पहलवानों ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था।

30 साल के करण को बीजेपी ने उनके पिता की सीट से मैदान में उतारा था, जहां 20 मई को पांचवें चरण में मतदान हुआ था।

फॉर्च्यूनर ने महिला को टक्कर नहीं मारी

करण ने दावा किया कि टोयोटा फॉर्च्यूनर ने महिला को टक्कर नहीं मारी। जब महिला सड़क पार कर रही थी, तो मोटरसाइकिल ने उसे टक्कर मार दी और दोनों युवक सड़क के दूसरी ओर गिर गए और SUV की चपेट में आ गए।

करण ने भी जोर देकर कहा कि उन्होंने पीड़ितों की मदद के लिए घटनास्थल पर एक कार भेजी थी। हालांकि, दुर्घटना के बाद 24 घंटे तक वो किसी के संपर्क में नहीं थे।

उन्होंने कहा, "हमने उन्हें अस्पताल पहुंचाया।" उन्होंने कहा कि उनके प्रतिनिधि पोस्टमॉर्टम होने तक देर रात तक पीड़ितों के परिवार के साथ रहे। उन्होंने ये भी बताया, "पीड़ित परिवार मेरे पिता का समर्थक है।"

हादसे में दो चचेरे भाइयों की हुई मौत

पुलिस के अनुसार, मृतक 17 साल का रेहान और 24 साल का शहजाद, दोनों चचेरे भाई थे। दोनों भाई मोटरसाइकिल पर थे और बुधवार सुबह करीब 9 बजे कटरा बाजार रोड पर बैकुंठ डिग्री कॉलेज के पास उन्हें गाड़ी ने टक्कर मार दी।

करनैल गंज SHO निर्भय नारायण सिंह ने दुर्घटना के बाद बुधवार को कहा, “रेहान और शहजाद दोनों कार से कुचल गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गाड़ी ने भी कंट्रोल खो दिया और सड़क किनारे चल रही एक 60 साल की महिला को टक्कर मार दी। महिला की पहचान सीता देवी के रूप में की गई है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसका इलाज चल रहा है।"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।